मशहूर रेडियो अनाउंसर अमीन सयानी का निधन हो गया है। उनकी मौत 20 फरवरी की रात दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के रिलायंस अस्पताल भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे ने बुधवार की सुबह इस खबर की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा।
अमीन सयानी की उम्र 91 साल थी और उन्होंने 6 दशक से भी अधिक समय तक रेडियो के दुनिया में अपनी आवाज का जादू चलाया। उन्होंने न केवल प्रोग्राम होस्ट किए, बल्कि प्रोड्यूस भी किए। उन्होंने 19 हजार से ज्यादा वॉइस ओवर किए थे और कई विज्ञापनों में भी अपनी आवाज दी थी।
सयानी की मनमोहक आवाज और बोलने का बेहतरीन तरीका भारत के हर कोने में लोगों को पसंद आता था। उनका शो को शुरू करने का अंदाज, जिसमें वह कहा करते थे, “बहनों और भाइयों” बहुत मशहूर रहा है। अमीन को भारतीय रेडियो की दुनिया के आइकन के रूप में जाना जाता था।
अमीन सयानी ने ऑल इंडिया रेडियो में काम करना शुरू किया। यहां उन्होंने करीब 10 सालों तक अंग्रेजी प्रोग्राम किए, इसके बाद साल 1952 में उन्होंने रेडियो सीलोन में काम करना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने विविध भारती में भी काम किया। रेडियो की दुनिया में वह सबसे फेमस बुजुर्ग अनाउंसर थे।
उनका ‘गीतमाला’ सबसे ज्यादा पसंद किया जाता था। ये म्यूजिक का पहला काउंटडाउन शो था। जिसमें फिल्मों के मशहूर गाने सुनाए जाते थे। ये शो बुधवार रात 8 बजे आता था और लोग इसके लिए हफ्ते भर इंतजार किया करते थे।
अमीन की मां का नाम कुलसुम सयानी था और वह एक अखबार चलाया करती थीं। अमीन उस अखबार की एडिटिंग, पब्लिशिंग और प्रिंटिंग में भी अपनी मां की मदद किया करते थे। इसके अलावा वह फिल्मों में भी अभिनय किया था। उन्होंने ‘भूत बंगला’, ‘तीन देवियां’, ‘बॉक्सर’ और ‘कत्ल’ जैसी फिल्मों में काम किया था।