बांग्लादेश के प्रसिद्ध गायक और पाबना से अवामी लीग के वरिष्ठ नेता प्रलोय चाकी जो 16 दिसंबर 2025 से जेल में बंद थे, उनका रविवार रात निधन हो गया। वह 60 वर्ष के थे और जेल में रहते हुए उनकी तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, हिरासत में रहते हुए प्रलोय चाकी को कार्डियक अरेस्ट हुआ, जिसके बाद शुक्रवार को उन्हें पहले पाबना जनरल अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजशाही मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। राजशाही मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार 11 जनवरी की रात करीब 9 बजे उनका निधन हो गया।

प्रलोय चाकी कौन थे?

प्रलोय चाकी बांग्लादेश के एक जाने-माने हिंदू गायक और सांस्कृतिक व राजनीतिक हलकों में चर्चित व्यक्तित्व थे। द संडे गार्जियन के अनुसार, उन्हें केवल उनकी राजनीतिक सक्रियता के लिए ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश के सांस्कृतिक जीवन में उनके गहरे योगदान के लिए भी पहचाना जाता था। प्रलोय चाकी एक सम्मानित संगीतकार और सांस्कृतिक आयोजक भी थे। वह अपने संगीत के माध्यम से लोगों से जुड़े और विशेष रूप से बांग्लादेश के उत्तरी इलाकों में धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील विचारों को फैलाने का काम किया।

चर्चा से दूर, चाकी पाबना की सांस्कृतिक संस्थाओं से लगातार जुड़े रहे। 1990 के दशक में वे एक लोकप्रिय गायक के रूप में पहचाने गए। बाद के वर्षों में उन्होंने संगीत निर्देशक, शिक्षक और आयोजक के रूप में काम किया। इसके अलावा, वे पाबना जिला अवामी लीग के सांस्कृतिक मामलों के सचिव और श्री श्री रामकृष्ण सेवा आश्रम के सचिव जैसे अहम पदों पर भी रहे।

यह भी पढ़ें: ‘मुंबई में 7 BHK फ्लैट जितनी कीमत’, सुनील ग्रोवर ने उड़ाया अर्चना पूरन सिंह की डायमंड रिंग का मजाक, कृष्णा अभिषेक ने कही ये बात

प्रोलॉय चाकी की मौत पर परिवार का लापरवाही का आरोप

उनकी मौत के बाद परिवार के सदस्यों और करीबी सहयोगियों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही और सही समय पर इलाज नहीं देने आरोप लगाया। उनका कहना है कि हिरासत के दौरान इलाज में हुई देरी के कारण उनकी हालत और बिगड़ गई। प्रलोय चाकी के बेटे सोनी चाकी ने कहा कि उनके पिता पहले से ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।

हालांकि, जेल प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। जेल अधीक्षक एमडी उमर फारुक ने बताया कि प्रलोय चाकी लंबे समय से डायबिटीज और हृदय रोग से पीड़ित थे और परिवार द्वारा उपलब्ध कराए गए मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर उन्हें दवाइयां दी जा रही थीं।

यह भी पढ़ें: जब शादीशुदा होते हुए इस अभिनेत्री के प्यार में पड़कर घर से भाग गए थे विनोद मेहरा, मिला बुरा तजुर्बा

जेल में क्यों थे प्रलोय?

प्रलोय चाकी को 16 दिसंबर 2025 को पाबना शहर के दिलालपुर इलाके में स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया था। बाद में ये दिखाया गया कि उन्हें 4 अगस्त 2024 को हुई एक विस्फोट की घटना से जुड़े मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद से वे पाबना जेल में बंद थे। उनकी मौत की खबर से स्थानीय सांस्कृतिक समुदाय में गहरा शोक और आक्रोश देखा जा रहा है। इंडियन आइडल 3 के विनर और मशहूर गायक प्रशांत तमांग के निधन से जुड़ी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…