टीवी का मशहूर शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ बीते 14 सालों से लोगों का मनोरंजन कर रहा है। दिलीप जोशी स्टारर यह शो दर्शकों की पहली पसंद है। शो के हर एक कलाकार की अपनी एक अलग फैन फॉलोइंग है, हालांकि पिछले कुछ सालों से कई सारे मशहूर एक्टर और एक्ट्रेस ने शो का साथ छोड़ दिया है।
हाल ही में शो में तारक मेहता का किरदार निभाने वाले अभिनेता शैलेश लोढ़ा ने शो को अलविदा कह दिया था। लेकिन फैन्स उन्हें अभी भी मिस करते हैं। अब शो में नए तारक की एंट्री भी हो चुकी है। इसी बीच शैलेश लोढ़ा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है।
शैलेश लोढ़ा ने क्या लिखा?
एक्टर शैलेश लोढ़ा ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि ‘सरल व्यक्ति के साथ किया गया छल आपकी बर्बादी के सभी द्वार खोल देता है। चाहे आप कितने भी बड़े शतरंज के खिलाड़ी क्यों ना हों’। उन्होंने कैप्शन दिया कि आज नहीं तो कल, ईश्वर सब देखता है। बता दें कि शैलेश एक्टर के साथ साथ बहुत अच्छे कवि भी हैं।
यूजर्स के कमेंट्स
शैलेश लोढ़ा की इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि असित मोदी को बोल रहे हो ना। राहुल नाम के यूजर ने लिखा कि तारक मेहता साहब, डायरेक्ट आप असित मोदी को बोल रहे हो। श्वेता नाम के यूजर ने लिखा कि असित कुमार मोदी को ये जवाब है। रामजी नाम के यूजर ने लिखा कि सर कुछ लोग झूठ भी बड़ी आसानी से बोल देते हैं, आपको सच भी बताना सही नहीं समझते। अभय नाम के यूजर ने लिखा कि आपने शो क्यों छोड़ा शायद उसी का यह जवाब है। एक यूजर ने लिखा कि टीवी पर सब कितनी भोले दिखते हैं।
एक्टर के शो छोडने पर असित मोदी ने क्या कहा था
बता दें कि शैलेश लोढ़ा के शो छोड़ने पर असित मोदी ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि मैं सभी को साथ लेकर चलने में यकीन रखते हूं। लेकिन अगर कोई साथ नहीं आना चाहता तो मैं क्या कर सकता हूं। लोगों का पेट भर गया है। उन्हें लगता है कि वे बहुत कुछ कर चुके हैं इसलिए अब कुछ और करना चाहते हैं। शो रुकेगा नहीं, नए तारक मेहता जरूर आएंगे, पुराने आएंगे तो मुझे बहुत खुशी होगी। हम बस लोगों का मनोरंजन करना चाहते हैं।