इस वक्त श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म ‘स्त्री 2’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। फिल्म साल 2018 में आई ‘स्त्री’ का सीक्वल है। पहले पार्ट में स्त्री का खौफ था लेकिन इस बार सरकटे का आतंक छाया हुआ है। फिल्म के कलेक्शन के साथ इस बात की भी चर्चा हो रही है कि आखिर सरकटा है कौन? किसने ये किरदार निभाया है? हम आपको आज सरकटा का किरदार निभाने वाले शख्स के बारे में बताने जा रहे हैं।

सरकटा का रोल करने वाले शख्स का नाम सुनील कुमार है और वो रियल लाइफ में भी विशाल काय हैं। असल जिंदगी में सरकटा 7 फुट 6 इंच लंबे शख्स हैं, वो जम्मू के रहने वाले हैं और उन्हें  ‘द ग्रेट खली ऑफ जम्मू’ भी कहा जाता है। इसके बारे में फिल्म के डायरेक्टर अमर कौशिक ने बॉलीवुड हंगामा को बताया।  उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए एक ऐसे ही लंबे चौड़े शख्स की तलाश थी और कास्टिंग टीम ने उन्हें ढूंढ लिया।

कहा जा रहा था कि फिल्म में CGI का इस्तेमाल करके सरकटा का किरदार बनाया गया है, तो इसपर अमर कौशिक ने कहा कि सुनील कुमार ने ये किरदार निभाया, लेकिन उनका डरावना चेहरा CGI से तैयार किया गया था।

कौन हैं सुनील कुमार?

सुनील कुमार ने पहली बार फिल्म में काम किया है। वह जम्मू में एक पुलिस कॉन्स्टेबल हैं। वह जम्मू में ही जन्मे और पले-बढ़े हैं। उनकी कद काठी के कारण उन्हें वहां इंडियन रेसलर द ग्रेट खली के नाम से भी बुलाया जाता है।सुनील कुमार खेल प्रेमी भी हैं और वह कुश्ती में रहे हैं। वह हैंडबॉल और वॉलीबॉल के पक्के खिलाड़ी रहे हैं, इसी के कारण उन्हें खेल कोटा के तहत जम्मू और कश्मीर पुलिस में नौकरी भी मिली। 2019 में उन्होंने WWE ट्राइआउट में हिस्सा लिया था।

‘स्त्री 2’ की शूटिंग के दौरान, सुनील ने राजकुमार, पंकज और अभिनेता तमन्ना भाटिया के साथ अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की थी। जो अब तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। तब कोई नहीं जानता था कि सुनील कुमार ही इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म का हिस्सा होने वाले हैं।