kangana Ranaut and Sonam kapoor: बॉलीवुड में दो अभिनेत्रियों के बीच अक्सर होने वाली कैट फाइट को लेकर खबरें सामने आती रहती हैं। बीते साल सोनम कपूर और कंगना रनौत के बीच तनातनी की खूब चर्चा रही थी। कहा जाता है कि सोनम कपूर और कंगना रनौत एक-दूसरे को बिल्कुल भी पसंद नहीं करती हैं। एक चैट शो में भी सोनम कपूर ने कंगना रनौत की अंग्रेजी का मजाक उड़ाया था।
साल 2010 में दीपिका पादुकोण और सोनम कपूर करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ का हिस्सा बनी थीं। इस दौरान करण जौहर ने रैपिड फायर राउंड में सोनम से सवाल पूछा कि किस अभिनेत्री को अंग्रेजी बोलनी नहीं आती? सवाल सुनकर सोनम कपूर ने पहले गोल-मोल जवाब देने की कोशिश करती हैं। ऐसे में दीपिका सोनम से कहती हैं कि गिफ्ट हैंपर के बारे में सोचो। जिसके बाद सोनम कपूर ने कहा, ”मुझे लगता है कि कंगना का फैशन सेंस अच्छा है लेकिन..वह एक अच्छी अभिनेत्री है और मेरे पसंदीदा भी हैं।”
कंगना रनौत ने #Me Too कैंपेन के तहत क्वीन डायरेक्टर विकास बहल पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। जिसके बाद सोनम कपूर ने एक इंटरव्यू में कहा था, ”कंगना बहुत कुछ कहती रहती हैं। कई बार उनकी बात पर विश्वास करना मुश्किल हो जाता है। लेकिन अगर यह सच है तो दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।” हालांकि कंगना रनौत की बात को गंभीरता से न लेने के मुद्दे पर तुरंत ‘मणिकर्णिका’ एक्ट्रेस ने सोनम कपूर को जवाब दिया था। कंगना ने कहा था, ”सोनम कपूर के यह कहने का क्या मतलब है कि कंगना की बात पर विश्वास कर पाना मुश्किल हो जाता है। मेरी पहचान मेरे पिता की वजह से नहीं है, मैंने यह पहचान और विश्वसनीयता 10 साल के संघर्ष बाद हासिल की है।”
करियर की बात करें तो कंगना रनौत को आखिरी बार फिल्म ‘मणिकर्णिका’ में देखा गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करने में सफल रही थी। जबकि सोनम कपूर आखिरी बार ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ में नजर आई थीं।

