अभिनेत्री स्मिता पाटिल ने बॉलीवुड में चली आ रही अभिनेत्री की एक बनी बनाई इमेज को तोड़ने का काम किया था। उन्होंने अपने अभिनय के ज़रिए हिंदी सिनेमा में एक कमज़ोर महिला की छवि को तोड़ने की भरपूर कोशिश की। इसी तरह एक फिल्म आई थी ‘चक्र।’ इस फिल्म में स्मिता पाटिल ने नसीरुद्दीन शाह और कुलभूषण खरबंदा के साथ काम किया था। फिल्म के एक पोस्टर में स्मिता पाटिल बेहद ही कम कपड़ो में एक हैंडपंप के नीचे नहाती हुई दिखाई दी थीं।

Continue reading this story with Jansatta premium subscription
Already a subscriber? Sign in

उनका वो पोस्टर देश भर में चर्चा का विषय बन गया था और 80 के दशक में उस पोस्टर पर काफी विवाद भी हुआ। स्मिता पाटिल ने पोस्टर पर मचे विवाद पर डिस्ट्रीब्यूटर्स पर अपना गुस्सा जाहिर किया था। प्रसार भारती अभिलेखागार ने स्मिता पाटिल के पुराने इंटरव्यू का संपादित अंश जारी किया है। इस इंटरव्यू में अभिनेत्री, पत्रकार नलिनी सिंह से फिल्मों में महिलाओं के चित्रण पर बात करती दिखाई दे रही हैं।

वो इसी दौरान अपने फिल्म के पोस्टर पर भी बात करती दिखीं। पत्रकार नलिनी सिंह ने उनसे पूछा था, ‘आपका जो इश्तेहार निकला था जो देश भर में काफी मशहूर हुआ। जिसमें आप समझिए.. आधा बदन नंगा कल के नीचे बैठकर नहा रही हैं। वो पोस्टर आपने कैसे देशभर में मशहूर होने दिया?’

जवाब में स्मिता पाटिल ने कहा था, ‘देखिए मेरे हाथ में वो बात होती तो मैं बिलकुल वैसा नहीं होने देती। चक्र अच्छी फिल्म है चली भी लेकिन एक औरत का.. जो झुग्गी झोपड़ी में रहती है, उसका नहाना देखने के लिए आप रुकेंगे नहीं। ये भी नहीं सोचेंगे कि उसके पास रहने के लिए घर नहीं है तो नहाने के लिए कहां से होगा। पोस्टर से जुड़ी बात डिस्ट्रीब्यूटर्स के हाथों में होती है।’

 

उन्होंने आगे कहा था, ‘भारतीय दर्शकों पर यह बात फ़ोर्स की गई है… शायद ये न भी हो कि देखिए जी इसमें तो सेक्स है, औरतों के आधे नंगे शरीर हैं तो आप फिल्म देखने के लिए आएं। ये बहुत गलत है। फिल्म अगर सच्चे दिल से बनी है तो वो जरुर चलेगी, सिर्फ ऐसे पोस्टर्स से नहीं चलेगी फिल्म।’

स्मिता पाटिल की निजी ज़िंदगी भी काफी दिलचस्प रही खासकर राज बब्बर से उनके रिश्ते पर खूब बातें हुईं। राज बब्बर स्मिता पाटिल के लिए जब अपनी पत्नी से दूर हुए तब अभिनेत्री को कई बातें सुननी पड़ी। कहा गया कि वो किसी का घर तोड़ रही हैं। लेकिन राज बब्बर और स्मिता पाटिल ने दुनिया की परवाह किए बिना साथ रहना शुरू किया था।

राज बब्बर ने स्मिता पाटिल से शादी तो नहीं की लेकिन स्मिता को उनसे एक बेटा प्रतीक बब्बर हुआ। स्मिता प्रतीक के जन्म के 15 दिनों बाद ही गुजर गईं। वो जीते जी सुहागन तो नहीं बन सकीं लेकिन उनकी आखिरी इच्छा के अनुसार उन्हें सुहागन की तरह सजाकर अंतिम विदाई दी गई।