59 साल की उम्र में भी सलमान खान सिंगल हैं और अक्सर लोग उनसे पूछते हैं कि वो शादी कब कर रहे हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय और कैटरीना कैफ के साथ उनका रिश्ता और ब्रेकअप काफी चर्चा में रहा है। इससे पहले भी वो एक्ट्रेस सोमी अली और संगीता बिजलानी को डेट कर चुके हैं। मगर उन्होंने शादी नहीं की और ऐसा नहीं है कि सलमान का रिश्ता शादी तक नहीं पहुंचा। जी हां! संगीता बिजलानी के साथ वो शादी करने वाले थे, लेकिन एक्ट्रेस ने वेडिंग डेट से कुछ दिन पहले उनसे रिश्ता तोड़ दिया।

संगीता बिजलानी और सलमान खान ने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने से पहले मॉडलिंग से शुरुआत की थी। दोनों ही काफी फेमस थे और अक्सर साथ नजर आते थे। दोनों ने 1980 के दशक के आखिर में डेटिंग शुरू की थी और 8 सालों तक वो रिलेशनशिप में थे। सलमान खान ने 2003 में एक बार अपने पहले प्यार का खुलासा भी किया था, जिससे लोगों ने संगीता से जोड़ा। बॉलीवुड शादीज में छपी खबर के अनुसार सलमान ने कहा था, “हां, मुझे प्यार हुआ था, सच्चा। हर कोई जानता है वो कौन है और हम दोनों साथ में इंडस्ट्री में आगे बढ़े हैं। ये बहुत खास था।”

आठ साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, संगीता और सलमान ने शादी करने का फैसला किया था। हालांकि उस वक्त सोशल मीडिया का दौर नहीं था तो ये खबर उतनी नहीं फैली और ना ही दोनों ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की थी। मगर ये बात जगजाहिर थी कि दोनों ने 1993 में सगाई कर ली थी और 27 मई, 1994 को शादी करने वाले थे। ‘कॉफी विद करण’ सीजन 4 में, सलमान ने खुलासा किया था कि शादी के इनविटेशन भी भेज दिए गए थे। हालांकि, संगीता ने तय समय से कुछ हफ्ते पहले ही शादी रद्द कर दी।

सलमान खान ने दिया था धोखा?

सोमी अली एक पाकिस्तानी अभिनेत्री हैं जिन्होंने 90 के दशक में कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया था। लोग जानते हैं कि सोमी भी सलमान की गर्लफ्रेंड रह चुकी हैं। सोमी अक्सर सलमान पर आरोप लगाती हैं, उन्होंने साल 2023 में इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा था कि संगीता ने उन्हें और सलमान को रंगे हाथ पड़क लिया था, जिसके बाद उन्होंने शादी तोड़ी थी।

सोमी ने कहा था कि शादी के कार्ड बंट गए थे और होने वाली दुल्हन ने सलमान को उनके साथ पकड़ा था। जिसके बाद संगीता ने सलमान से रिश्ता तोड़ दिया था और सोमी के साथ उनका अफेयर शुरू हुआ। मगर ये रिश्ता भी ज्यादा दिन नहीं चल पाया। सोमी का कहना था कि सलमान को ‘हम दिल दे चुके सनम’ के दौरान ऐश्वर्या से प्यार हो गया इसलिए उनका भी ब्रेकअप हो गया। संगीता के साथ सलमान के रिश्ते पर सोमी ने कहा था, “शादी के कार्ड छप गए थे, लेकिन संगीता ने उसे मेरे साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था।”

संगीता ने बताई थी शादी की सच्चाई

इंडियन आइडल 15 में संगीता बिजलानी बतौर गेस्ट पहुंची थीं। जहां एक कंटेस्टेंट ने संगीता ने शादी के कार्ड बंटने के बाद शादी तोड़ने को लेकर सवाल किया था। वहां बैठा हर कोई कंटेस्टेंट के सवाल से हैरान था, लेकिन संगीता ने जवाब दिया और कहा, “झूठ तो नहीं था।” इसके बाद संगीता से शो के जजेज ने इस बारे में बताने को कहा, लेकिन इसके अलावा संगीता कुछ नहीं बोलीं।

अब भी दोस्त हैं सलमान और संगीता

भले ही दोनों का रिश्ता बुरे नोट पर खत्म हुआ था, लेकिन आज भी दोनों एक दूसरे की पार्टीज में नजर आते हैं। सलमान और संगीता फैमिली फ्रेंड्स हैं। 9 जुलाई, 2025 को, सलमान संगीता के 65वें जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे। टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए संगीता ने इस बारे में बात की थी कि ब्रेकअप के बावजूद वो और सलमान इतने अच्छे रिश्ते क्यों हैं।

संगीता ने कहा था, “रिश्ते टूटते नहीं। रिश्ते कभी खत्म नहीं होते। आपके पार्टनर और स्कूल के दोस्तों के बीच का प्यार कभी खत्म नहीं होता। लोग आते-जाते रहेंगे। जिदगी में कोई भी परमानेंट नहीं होता। इसका मतलब ये नहीं कि आप कड़वाहट या गुस्सा महसूस करेंगे। एक समय पर आप आगे बढ़ जाते हैं। मेरे जीवन में एक समय ऐसा भी था जब मैं नादान और नासमझ थी, लेकिन अब मैं बड़ी हो गई हूं। जिंदगी अनुभवों से भरी है।”