शाहरुख खान रोमांस के बादशाह कहे जाते हैं लेकिन उनके पूरे करियर में किसी अभिनेत्री का नाम उनसे नहीं जुड़ा था। उसी बीच जब प्रियंका चोपड़ा के साथ उनकी नजदीकियों की खबरें आईं तो उसे खूब तुल दिया गया। ऐसी भी अफवाह थीं कि दोनों ने गुपचुप शादी कर ली है। दोनों के अफेयर को लेकर इतनी बातें होने के पीछे वजहें भी थीं। शाहरुख अपनी हर फिल्म में प्रियंका चोपड़ा को कास्ट करने की सलाह देने लगे थे और दोनों को अक्सर साथ में इवेंट्स में स्पॉट किया जाता था। हालांकि जब दोनों अलग हो गए और प्रियंका चोपड़ा से एक इवेंट के दौरान शाहरुख खान के बारे में पूछा गया तो वो बेहद भड़क गईं थीं।
दरअसल प्रियंका चोपड़ा साल 2014 के फिल्मफेयर अवार्ड्स को होस्ट करने से पहले मीडिया से बात कर रही थीं। इसी बीच एक मीडियाकर्मी ने उनसे सवाल पूछा कि आपको नहीं लगता अगर शाहरुख खान और आप इस शो को होस्ट करते तो रोमांस, मस्ती हमें ज्यादा देखने को मिलता? इस सवाल पर प्रियंका ने नपा तुला जवाब दिया, ‘मैं किसी के साथ भी ये कर सकती हूं, ये मेरा काम है।’
प्रियंका इवेंट में शूटिंग की वजह से लेट पहुंची थीं, इसी बात को लेकर शाहरुख से जोड़ते हुए उनसे सवाल पूछा गया कि इससे पहले शाहरुख सबसे देर से आते थे, और इस बार आप..तो क्या आप शाहरुख को ओवरटेक कर रही हैं? यह सवाल सुन प्रियंका बेहद गुस्से में आ गईं।
उन्होंने जवाब दिया, ‘आप चाहते हैं कि मैं उनका नाम लूं न? या आप चाहते हैं कि मैं जवाब दूं? या आप चाहते हैं कि कोई तमाशा बने? वो मैं होने नहीं दूंगी। पूछते रहो, मैं हंसती रहूंगी। मैं शूटिंग की वजह से देर से आई, इसका किसी से कुछ लेना देना नहीं है।’
शाहरुख खान और प्रियंका चोपड़ा के बीच अफेयर की खबरें तब जोरों पर थीं जब वो दोनों डॉन 2 की शूटिंग कर रहे थे। हालांकि शाहरुख खान की पत्नी गौरी को इन अफवाहों पर भरोसा नहीं था और उन्होंने इससे इंकार कर दिया था। लेकिन धीरे-धीरे जब उन्हें एहसास हुआ कि शाहरुख की जिंदगी में प्रियंका की अहमियत बढ़ रही है तो उन्होंने शाहरुख को प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्में करने से मना कर दिया।
ऐसी खबरें भी थीं कि शाहरुख खान ने जब उनकी नहीं मानी तो गौरी ने उन्हें तलाक की धमकी दे दी थी। शाहरुख खान ने इसके बाद प्रियंका से दूरियां बना ली थी। इसके बाद दोनों ने किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया।

