प्रियंका चोपड़ा आज एक ग्लोबल आइकॉन हैं। पर एक वक्त था जब भारत के एक छोटे से शहर बरेली से प्रियंका अमेरिका के बॉस्टन अपनी मौसी के पास छुट्टियां मनाने पहुंची थीं। तब अचानक प्रियंका को विदेश रास आ गया तो, ऐसे में उन्होंने वहीं पढ़ाई का मन बना लिया। हालांकि इस दौरान प्रियंका को नस्लीय भेदभाव का सामना भी करना पड़ा था। जब उनका मन नहीं लगा तो प्रियंका वापस देश लौट आईं, लेकिन बॉस्टन से बरेली पहुंचने के बाद प्रियंका में कई बदलाव आ गए थे।
एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने इस बारे में खुद बताया था कि बरेली छोटा शहर है ऐसे में जब वह विदेश से वापस आईं तो वह खुद को ‘तोप’ समझती थीं, ऐसे में उनका बोलने का अंदाज (एक्सेंट) भी बदल गया था। हालांकि प्रियंका ने अपने वो अनुभव भी शेयर किए थे जो उन्हें विदेशी स्कूल में झेलने पड़े थे, इससे वे काफी मायूस थीं।
लेकिन प्रियंका ने ये भी कहा था कि वह खुश हैं क्योंकि अगर उनके साथ ऐसा न होता तो न ही वह वापस भारत आतीं औऱ न ही ब्यूटी पेजेंट का हिस्सा बनतीं और फिर बाद में न ही वह मिस वर्ल्ड का ताज पहन पातीं।
प्रियंका ने बताया था- ‘जब मैं वापस लौटी तो अपने आप को मैं भी थोड़ा तोप मानती थी, अमेरिका रिटर्न थी मैं, तो उसी एक्सेंट में बात किया करती थी। फिर मैं जब बॉस्टन से बरेली आई तो मेरे डैड ने मेरे सारे वेस्टर्न कपड़े सील कर दिए। बरेली में जींस और टीशर्ट पहनकर भी आप बाहर निकलो तो लोग मुड़कर देखते हैं। मैं वहीं बड़ी हुई हूं। मेरे डैड ने सलवार कुर्ते बनवाए, तो मैंने कहा ठीक है मैं लूज शर्ट तो पहन सकती हूं? ऐसे में मैं अपने डैड के कपड़ों से शर्ट निकाल कर उन्हें पहनती थी और बांधती थी, बटन वटन निकाल देते थी।’
हालांकि जब प्रियंका वापस भारत लौटी थीं तो शुरुआत में काफी उदास रहती थीं, लेकिन प्रियंका के भाई ने उस वक्त उनका कॉन्फिडेंस दोबारा खड़ा किया था। प्रियंका के भाई ने कहा था कि ‘दीदी बहुत सुंदर हैं, और लंबी हैं।’ ऐसे में उन्होंने प्रियंका को बिना बताए, अपनी मां के साथ मिल कर ब्यूटी कॉन्टेस्ट के लिए एक्ट्रेस का नाम दे दिया था।
प्रियंका ने बताया था कि पंजाबी फैमिलीज में डस्की स्किन को ज्यादा एप्रीशिएट नहीं करते, बचपन में मजाकिया अंदाज में उन्हें परिवार में ‘काली-काली’ कहकर भी पुकारा जाता था। प्रियंका ने बताया था कि उनकी पूरी फैमिली गोरी चिट्टी है, पर प्रियंका के पिता और वे खुद डस्की हैं। ऐसे में उन्हें कहा जाता था बेचारी, कौन शादी करेगा? बता दें, प्रियंका चोपड़ा ने इंटरनेशनल पॉप स्टार निक जोनास से शादी की है।