Anu Kapoor Birthday: अनु कपूर..एक नाम जिसे लगभग हर सिनेप्रेमी जानता होगा। 80-90 के दशक में अनु कपूर सिनेमा से लेकर टीवी की दुनिया तक में छाए थे। मिस्टर इंडिया के परेशान संपादक से लेकर तेजाब के शराबी जैसे उनके किरदार लोगों को खूब पसंद आए थे। अमिताभ बच्चन की फिल्म हम में उन्होंने विलेन का किरदार निभाया तो उसे भी लोगों ने खूब सराहा। सिनेमा के अलावा टीवी और रेडियो की दुनिया में भी अनु कपूर ने खूब नाम कमाया। 90 के दशक के शुरुआत में जब केबल टीवी घर-घर पहुंच रहा था तब अंताक्षरी नाम के एक रियालिटी शो ने अनु कपूर को अपना होस्ट बनाया। उस शो से अनु कपूर घर-घर तक पहुंच गए। 63 साल के अनु कपूर ने सिनेमा के लगभग सभी बड़े नामों के साथ काम किया। फिर चाहे वो अमिताभ बच्चन हों या अमरीश पुरी। अनिल कपूर हो या सनी देओल। जैकी श्रॉफ हो या इरफान खान।
उनके फिल्मी करियर में एक वक्त ऐसा आया जब वह प्रियंका चोपड़ा पर भड़क गए। दरअसल हुआ ये कि विशाल भारद्वाज की फिल्म सात खून माफ में वह प्रियंका चोपड़ा के अपोजिट कास्ट किये गए। फिल्म की डिमांड थी कि प्रियंका चोपड़ा और अनु कपूर के बीच इंटिमेट सीन फिल्माया जाए। अनु कपूर तैयार हो गए लेकिन प्रियंका चोपड़ा ने उनके साथ सीन करने से मना कर दिया। प्रियंका चोपड़ा का कहना था कि अनु कपूर उनके पिता के दोस्त हैं और मुझसे उम्र में काफी बड़े हैं इसलिए मैं उनके साथ ये सीन करने में सहज महसूस नहीं कर पाऊंगी।
जब ये बात अनु कपूर को पता चली तो वो भड़क गए। तब अनु कपूर ने कहा था कि, ‘प्रियंका को इंटिमेट सीन करने में दिकिकत नहीं है बल्कि मेरे साथ करने में दिकिकत है। क्योंकि मैं देखने में हीरो लोगों की तरह सुंदर नहीं हूं इसीलिए प्रियंका ने इनकार किया है।’
अनु कपूर की ये बात जब प्रियंका चोरपड़ा तक पहुंची तो वो भी प्रतिक्रिया दिए बिना नहीं रह पाईं। उन्होंने तब मीडिया में कहा था कि, ‘अनु जी बहुत बड़े हैं और उन्हें इस तरह की बातें शोभा नहीं देती हैं। वो अच्छी तरह जानते हैं कि ऐसा बिल्कुल नहीं है फिर भी उन्होंने ये बात कही।’
(और ENTERTAINMENT NEWS पढ़ें)