सलमान खान के घर पर रविवार की सुबह फायरिंग हुई। इससे घटना ने सबको हिलाकर रख दिया है। फायरिंग करने वाले दोनों शूटर गिरफ्तार हो गए हैं और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सलमान खान की सुरक्षा की गारंटी दी है। सलमान खान की जान के दुश्मन लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लोग हैं, जो पहले भी उन्हें मारने की धमकी दे चुके हैं और अब भी लॉरेंस के भाई ने कहा है कि ये सिर्फ एक ट्रेलर है। दरअसल ये लोग सलमान खान से ब्लैक बक केस को लेकर नाराज हैं और उनसे बदला लेना चाहते हैं। इसी बीच विवेक ओबेरॉय का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह बिश्नोई समाज की तारीफ कर रहे हैं।
वीडियो कई साल पुराना है, जिसमें विवेक कहते दिख रहे हैं, “इस दुनिया में, केवल एक ही समुदाय है, बिश्नोई समुदाय, जहां अगर एक हिरण मर जाता है, तो उसके बच्चों को बिश्नोई हमारी माताएं अपनी छाती से लगाकर अपने बच्चे की तरह से उसे दूध पिलाती हैं और उसे अपने बच्चों की तरह रखती हैं।” इस वीडियो को लेकर सलमान खान फैंस विवेक ओबेरॉय पर भड़क रहे हैं।
उनका कहना है कि सलमान खान के दुश्मन की विवेक ओबेरॉय तारीफ कैसे कर सकते हैं। वहीं एक यूजर ने लिखा, “गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और विवेक ओबेरॉय सलमान खान के दुश्मन हैं।” एक यूजर ने लिखा, “विवेक ओबेरॉय सलमान खान से दुश्मनी निकाल रहे हैं।”
बता दें कि सलमान खान के घर पर गोलियां चलाने वाले शूटर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं और इस बात को उन्होंने कबूल कर लिया है। दोनों ने पुलिस को पूछताछ में ये भी बताया कि कब से वह सलमान के घर की रेकी कर रहे थे और इसके लिए उन्होंने क्या-क्या प्लानिंग की थी। दोनों को गुजरात के भुज से गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया है।
मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सलमान खान से मिलने उनके घर पहुंचे थे। जहां उन्होंने सलमान खान और उनके पिता सलीम खान से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि सलमान की सुरक्षा का ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने कहा,” मैंने सलमान खान से मुलाकात की है और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ है। मैंने पुलिस टीम को इस पर तत्काल कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।”
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले को लेकर अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उनसे मिलने पहुंचे। यह मुलाकात सलमान खान के घर पर ही हुई। सलमान को पहले भी कई मर्तबा जान से मार देने की धमकियां मिली हैं लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि उनके घर को निशाना बनाकर फायरिंग की गई है। इस मामले पर मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच पड़ताल के बाद दो आरोपियों को गुजरात के भुज से गिरफ्तार कर लिया है।