बॉलीवुड फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंंद केजरीवाल पर हमला बोला है। फिल्ममेकर ने ट्वीट कर अरविंद केजरीवाल को अर्बन नक्सली करार दिया है।
फिल्ममेकर ने किया ट्वीट
विवेक रंजन अग्निहोत्री ने हाल ही में ट्वीट करते हुए लिखा कि ”मैं आश्वस्त हूं कि अरविंद केजरीवाल भारत में सबसे खतरनाक अर्बन नक्सल हैं। एक आदमी जो खुद को थप्पड़ मारने का झूठा दावा कर सकता है और कश्मीर के हिंदू नरसंहार को ‘झूठी कहानी’ कह सकता है, वह कुछ भी कर सकता है।” इसी के साथ विवेक अग्निहोत्री ने अपने एक और ट्वीट में कुछ स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं, जिनमें लिखा है कि कल गुजरात में कुछ बड़ा होने वाला है।
बता दें कि गुजरात में चुनाव होने वाले हैं और आम आदमी पार्टी इस बार वहां पूरा दम लगा रही है। 30 अक्टूबर की शाम गुजरात के मोरबी में एक बड़ा हादसा भी हुआ था। इसमें केबल पुल टूट जाने के चलते अनेक लोग मुच्छू नदी में गिर गए। हादसे में 140 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। विवेक अग्निहोत्री की टिप्पणी को कुछ लोग इस हादसे से जोड़ कर भी देखने लगे।
विवेक अग्निहोत्री के ट्वीट पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
फिल्ममेकर के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किशोर नाम के यूजर ने लिखा कि ‘आपको इस पर एक फिल्म बनानी चाहिए।’ रवि नाम के यूजर ने लिखा कि ‘क्या आप कहना चाहते है कि गुजरात हादसे में जो हुआ वह पहले से तय था।’ एक यूजर ने लिखा कि ‘कुछ वोटों के लिए राजनीति में कुछ भी हो सकता है।’
मोरबी पुल हादसे पर फिल्ममेकर ने जताया दुख
वहीं द कश्मीर फाइल्स डायरेक्टर ने मोरबी पुल हादसे पर दुख जताते हुए लिखा कि ”मोरबी पुल गिरने के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। सभी पीड़ितों के परिवारों के लिए मेरी प्रार्थना है। सभी जिम्मेदार लोगों को हत्या के कृत्यों के साथ सजा मिलनी चाहिए। यह भी जांच करें कि क्या यह अर्बन नक्सलियों द्वारा तोड़फोड़ है क्योंकि वे किसी भी हद तक जाने में सक्षम हैं।” बता दें कि पुल हादसे में अब तक 141 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है. कई लोग लापता भी बताए जा रहे हैं।