देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया गया। पीएम का ‘हर घर तिरंगा’ कैंपेन रंग लाया और अधिकतर सभी लोगों ने अपने घरों की छत, बालकनी या खिड़कियों पर भारत का झंडा लगाया। हालांकि तमाम लोगों ने इसे प्रोपेगेंडा भी कहा। इस कैंपेन को गलत बताने वालों को फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने करारा जवाब दिया है।
टाइम्स नाऊ से बातचीत के दौरान विवेक अग्निहोत्री ने कह,”अगर कोई, जिसने कोई अच्छा कार्य न किया हो, या जिसकी कोई साख न हो, वो ऐसा स्लोगन कहे तो ये प्रोपेगेंडा हो सकता है। लेकिन जब ये किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा कहा जाए, जिसने कहा ‘हर घर बिजली’ और उन्होंने ऐसा किया। उन्होंने कहा,’हर घर वैक्सीन’ और उन्होंने ऐसा किया।”
विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि वो वैक्सीन पर रिसर्च कर रहे हैं। भारत विरोधी लॉबी के लोगों को मैंने वैक्सीन की बात करते नहीं देखा। मुझे लगता है कि ये भारत की बड़ी उपलब्धि है, जो नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो पाया है। जब मेरी फिल्म आएगी तब लोगों को पता चलेगा कि कैसे उन्होंने वैक्सीन मुहैया कराने के लिए 24 घंटे काम किया है। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी के अन्य अभियान की भी बात की।
‘हर घर तिरंगा’ का विरोध करने वालों को अग्निहोत्री ने कहा कि लोग अपने बर्थडे के लिए हजारों गुब्बारें और केक ऑर्डर करते हैं, लोग अपनी बिल्ली का बर्थडे मनाते हैं, कुत्तों का बर्थडे मनाते हैं। मैं ऐसे लोगों को जानता हूं जो अपनी बिल्ली-कुत्तों के बर्थडे मनाते हैं और आपको उनकी पोस्ट शेयर करने को कहते हैं। वही लोग ‘हर घर तिरंगा’ का विरोध कर रहे हैं।
विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि केवल इंडिया ही नहीं हर देश में तिरंगा होना चाहिए। जहां भी भारतीय लोग रहते हैं उन्हें अपने घरों में तिरंगा लगाना चाहिए। हमें अब इन सारी बातों से ऊपर उठना चाहिए। हमें हमारे देश की महानता को सेलिब्रेट करना चाहिए।
बता दें कि विवेक अग्निहोत्री ने इस अभियान को बढ़ावा देते हुए अपने घर पर तिरंगा लगाया और उसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की। विवेक ने 14 अगस्त को बारिश के मौसम में लहराते झंडे का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था,”बरस रहा है लेकिन हमारा तिरंगा अपनी सारी महिमा के साथ उड़ रहा है।”
आपको बता दें कि जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि ने भी इस अभियान का विरोध किया। उनका कहना था कि हिंदुओं को इस अभियान का बहिष्कार करना चाहिए। उन्हें अपने घरों में तिरंगे की बजाय अपने घरों में भगवा झंडे लगाने चाहिए।