बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री अपनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स के बाद से ही दुनियाभर में लोकप्रिय हो चुके हैं। अपनी फिल्मों के जरिए गंभीर और संवेदनशील मुद्दे उजागर करने वाले विवेक अग्निहोत्री सोशल मीडिया के जरिए भी लगभग हर मुद्दे पर अपनी राय रखते हैं।

अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले विवेक इन दिनों बॉलीवुड के स्टार्स पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में फिल्ममेकर ने बॉलीवुड स्टार्स पर तंज कसते हुए एक ट्वीट किया है।

फिल्ममेकर ने बॉलीवुड स्टार्स पर कसा तंज

विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कम दाम, कम अहंकार। कम स्टार फीस। पीआर और एयरपोर्ट लुक्स पर कम बर्बादी। और ज्यादा रिसर्च, ज्यादा कंटेट, ज्यादा भारत। बॉलीवुड को उबारने के लिए ये सीधा सा हल है। दरअसल ‘नेशनल सिनेमा दिवस’ पर देश के ज्यादातर सिनेमाघरों में टिकट की कीमत को घटाकर 75 रुपये कर दी गई थी।

इस पर ट्रेड एनालिस्ट ने बॉलीवुड की मौजूदा स्थिति को सुधारने के बारे में अपनी राय रखी है। तरण सिंह ने लिखा था कि ‘राष्ट्रीय सिनेमा दिवस के मौके पर कमाल का रिस्पॉन्स देखने को मिला जो कि स्टूडियो, डिस्ट्रीब्यूटर्स, एक्जीबिटर्स और फिल्म से जुड़े लोगों के लिए आंखें खोलने वाला होना चाहिए। टिकट के दाम किफायती होना जरूरी है। अब समय है कि टिकट के दाम घटाए जाएं जिससे लोग ज्यादा संख्या में आएं।

विवेक अग्निहोत्री ने रोमन राज्य से की थी बॉलीवुड की तुलना

फिल्ममेकर ने बीते कुछ समय पहले ट्वीट करते हुए लिखा था कि एक समय था जब शक्तिशाली रोमन साम्राज्य अभिजात्य वर्ग के भ्रष्टाचार के कारण गिर गया था। ऐसे में बॉलीवुड का साम्राज्य अपने कुलीनों की बदहाली के कारण गिर रहा है। यह वास्तविक कलाकारों के लिए एक स्टैंड लेने और दर्शकों और उनकी संस्कृति के लिए निष्पक्षता, प्रतिभा और सम्मान के आधार पर एक नया फिल्म उद्योग बनाने में मदद करने का समय है। बता दें कि विवेक अग्निहोत्री की ‘द कश्मीर फाइल्स‘ ने वर्ल्डवाइड 350 करोड़ का कलेक्शन किया था। यह इस साल की सबसे बड़ी हिट में से है।