विश्वकप 2023 में भारत का विजय रथ जारी है। इस कड़ी में भारतीय टीम ने गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ 7 विकेट से धमाकेदार जीत हासिल की। मैच के हीरो रहे विराट कोहली। विराट कोहली ने 103 रनों की नाबाद पारी खेली। इस विश्वकप में विराट कोहली के बल्ले से निकली ये पहली सेंचुरी थी।
विराट कोहली ने जैसे ही छक्का जड़कर अपनी सेंचुरी पूरी की पूरा देश झूम उठा। दरअसल विराट कोहली के शतक का इंतजार हर किसी को था। विराट के 48 एकदिवसीय शतक हो चुके हैं। शतकों के मामले में सिर्फ सचिन तेंदुलकर (49) विराट कोहली से आगे हैं। विराट कोहली की सेंचुरी पर फैंस के साथ ही उनकी पत्नी पत्नी अनुष्का शर्मा भी काफी खुश नजर आईं।
एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने सेंचुरी के बाद विराट की एक पावरपैक्ड तस्वीर शेयर की और उसपर लव इमोजी बनाकर अपनी खुशी जाहिर की। अनुष्का का यह पोस्ट उनके फैंस को भी काफी पसंद आ रहा है। बता दें कि देश हो या विदेश, अनुष्का लगभग हर जगह विराट को चियर करने स्टेडियम में नजर आती हैं। स्टेडियम के इतर सोशल मीडिया के जरिए भी अनुष्का पति की हौसला अफजाई करती रहती हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ मैच मैच में अनुष्का शर्मा स्टेडियम में ही मौजूद थीं। विराट ने शतक लगाने के बाद उनकी तरफ भी बल्ला उठाकर अपना दम दिखाया था। इससे पहले वह पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नजर आई थीं।
बता दें कि कई मौकों पर अनुष्का शर्मा को ट्रोल भी किया गया। तब कहा ये जाता था कि अनुष्का जिस मैच में स्टेडियम में मौजूद रहती हैं उसमें विराट अच्छा प्रदर्शन नहीं करते। हालांकि अनुष्का पर इस तरह की बकवास ट्रोलिंग का कभी कोई असर नहीं पड़ा। लोगों के ताने सुनने के बाद भी वह मैदान में विराट को चियर करने पहुंचती हैं।
भारत का अगला मुकाबला 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के साथ है। यह मुकाबला हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेला जाएगा। अनुष्का के साथ ही पूरा देश चाहता है कि उस मैच में भी विराट का बल्ला आग उगले और देश को जीत हासिल हो।