मशहूर क्रिकेटर विराट कोहली का आज जन्मदिन है। विराट कोहली 37 साल के हो गए। विराट कोहली को उनके फैंस किंग कोहली कहकर बुलाते हैं। विराट और अनुष्का की जोड़ी फैंस की फेवरिट है, अनुष्का ने हर मुश्किल वक्त में विराट का साथ दिया है। आज दोनों दो बच्चों के माता-पिता हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कभी इन दोनों के रिश्तों में दरार आ गई थी और शादी से पहले इनका ब्रेकअप हो गया था।

विराट और अनुष्का ने साल 2017 में इटली में शादी की थी। शादी के 6 साल पहले दोनों शैम्पू के विज्ञापन में साथ दिखे थे, यहीं से इनकी दोस्ती शुरू हुई थी। धीरे-धीरे ये दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों अक्सर साथ दिखते थे और हेडलाइन्स में आते थे। कई बार अनुष्का क्रिकेट के मैदान में कोहली का सपोर्ट करती दिखी थीं।

मगर बीच में उनका ब्रेकअप हो गया था, मनमुटाव की वजह से ये रिश्ता टूट गया था। आज तक दोनों के अलगाव की वजह सामने नहीं आई थी, मगर उस वक्त लगा था कि ये साथ अब यहीं खत्म हो जाएगा। मगर कुछ महीनों बाद ही दोनों का पैचअप हो गया था।

पहले खबर आई थी कि अनुष्का के भाई कर्णेश शर्मा ने विराट-अनुष्का को एक करने की कोशिश की थी। मगर आज तक ने सूत्रों के हवाले से छापा है कि सलमान खान ने अनुष्का-विराट के पैचअप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अनुष्का उस वक्त सुल्तान की शूटिंग सलमान के साथ कर रही थीं, और सलमान उन्हें समझाते रहते थे कि अगर प्यार सच्चा है तो उसे खोने मत दो।

अब दोनों की शादी के 8 साल पूरे हो गए हैं और दोनों हर मुश्किल घड़ी में एक दूसरे के साथ खड़े हैं।