बॉलीवुड एक्ट्रेस विद्या बालन बेहतरीन एक्टिंग के साथ-साथ अपनी बेबाक बातों के लिए भी जानी जाती हैं। विद्या एक ऐसी एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने प्लस साइज बॉडी के साथ लोगों को अपना दीवाना बनाया है। विद्या उन एक्ट्रेसेस में से एक हैं जो जीरो साइज न होते हुए भी अपने काम से सबको हैरान कर देती हैं। लेकिन इसके पीछे लंबा संघर्ष रहा है। उन्हें कई बार बॉडी शेम किया गया, विद्या भी चाहती थीं कि वह फिट दिखें और इसके लिए उन्होंने कई सालों तक मेहनत भी की।
विद्या ने बॉडी शेमिंग को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था कि वह अपने शरीर से बहुत परेशान हो गई थी। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने अपने शरीर के साथ जीना सीख लिया था। उन्होंने मान लिया था कि उनकी बॉडी में बदलाव नहीं होने वाले हैं।
विद्या ने कहा कि उन्हें लगा था कि उनका शरीर वो शरीर नहीं है जिसकी उनकी मां ने उम्मीद की थी। वह इसे लेकर काफी परेशान रहती थीं। विद्या ने बताया कि वह अपने शरीर को लेकर शर्मिंदा महसूस करती रहती थीं। वह लंबे समय तक इस मानसिकता से जूझती रहीं और कुछ समय बाद उन्हें एहसास हुआ कि वह अपने शरीर का दुरुपयोग कर रही थीं। विद्या ने कहा कि वह अपने शरीर से नफरत करती थीं।
विद्या कहती हैं कि वह अक्सर बीमार पड़ जाया करती थीं, क्योंकि वह अपने शरीर को स्वीकार करने को तैयार नहीं थीं। लेकिन बाद में उन्हें ये एहसास हुआ कि अगर उनका ये शरीर न होता तो वह जिंदा नहीं होती। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने कई सालों तक अपने शरीर से नफरत करते हुए बिताये और अब उन्हें इस बात का पछतावा होता है।
पानी पीकर की थी वजन कम करने की कोशिश
विद्या ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने खूब पानी पीकर अपना वजन कम करने की कोशिश की थी। एक्ट्रेस ने बताया था कि किसी ने उन्हें वजन घटाने के लिए दिन में 10 लीटर पानी पीने की सलाह दी थी। विद्या ने ऐसा करना शुरू किया और इससे उनकी तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था।
विद्या बालन वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही मिस्ट्री थ्रिलर ‘नीयत’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ राम कपूर, राहुल बोस समेत कई बड़े कलाकार हैं। ये फिल्म 7 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।