फिल्म- विक्की विद्या का वो वाला वीडियो
डायरेक्टर- राज शांडिल्य
स्टार कास्ट- राजकुमार राव, तृप्ति डिमरी, मल्लिका शेरावत और अन्य
ड्यूरेशन- 2 घंटे 32 मिनट
रेटिंग- 2.5/5
राजकुमार राव के लिए साल 2024 काफी बेहतरीन साबित हुआ। इस साल उन्होंने ‘स्त्री 2’ जैसी बड़ी हिट थी। इसमें उनके साथ श्रद्धा कपूर, पंकज त्रिपाठी जैसे स्टार्स थे। अब राजकुमार राव एक बार फिर से सिनेमाघरों में दर्शकों को हंसाने के लिए आ गए हैं। इसमें उनके साथ तृप्ति डिमरी, विजय राज और मल्लिका शेरावत जैसे कलाकार अहम रोल में हैं। फिल्म का टाइटल ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ है। इसका निर्माण 90s की थीम पर किया गया है। ऐसे में अगर आप भी इस मूवी को देखने का मन बना रहे हैं तो पहले इसके बारे में जान लीजिए कि फिल्म कैसी है। वहीं, हुस्न का जादू बिखेरने वाली मल्लिका शेरावत क्या कर रही हैं। साथ ही तृप्ति डिमरी और राजकुमार राव की केमिस्ट्री में कितना दम है।
कहानी में नहीं है दम, मगर कॉमेडी ने फूंकी जान
फिल्म ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ की कहानी कि शुरुआत साल 1997 के ऋषिकेश से होती है, जो उस समय उत्तर प्रदेश में हुआ करता था । यहां विक्की नाम का लड़का रहता है, जो जीता है 90s के हीरो के जैसे मगर काम करता है मेहंदी लगाने का और शादी करनी है तो बस डक्टराइन से। वो विद्या नाम की लड़की से प्यार करता है। दोनों शादी तो जैसे तैसे कर लेते हैं। अब कहानी और कॉमेडी की शुरुआत इनकी शादी के बाद होती है। इस बीच काफी ट्विस्ट आते हैं। फिर कहानी में एक और ट्विस्ट आता है, जब ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ चोरी हो जाता है। ऐसे में अब कहां, कब, क्यों और कैसे जैसे सवालों को जानने के लिए आपको फिल्म का रुख करना होगा। लेकिन, बात जान लीजिए कहानी में दम तो नहीं है मगर हां कॉमेडी ने इसमें जान जरूर फूंकी है।
राजकुमार राव ने फिर से दिखाया एक्टिंग का दम, क्या कर रहे बाकी स्टार्स
इसके साथ ही अब अगर फिल्म ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ के स्टार्स और उनकी एक्टिंग की बात की जाए तो ‘स्त्री 2’ के बाद राजकुमार राव एक बार फिर से दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। भले ही फिल्म की कहानी में दम ना हो लेकिन, उनकी परफॉर्मेंस कमाल का है। उनका 90s का लुक स्टाइल सब कमाल का है। उनकी डायलॉग डिलीवरी की टाइमिंग जबरदस्त है, जो दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देती है। वहीं, तृप्ति डिमरी के पास करने के लिए कुछ खास नहीं है लेकिन, वो राजकुमार राव की पत्नी विद्या के रोल में जंच रही हैं। इसके साथ ही अश्विनी कालसेकर भी हैं, जिनका कैमियो है मगर कमाल का है। टीकू तलसानिया ने राजकुमार राव के दादा के रोल में हैं। अर्चना पूरन सिंह ने तृप्ति की मां का रोल निभाया है। हालांकि, इसमें उन्हें पहचान पाना काफी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने गजब का गेटअप लिया हुआ है। इसके साथ ही अन्य कलाकारों ने भी कमाल का काम किया है।
मल्लिका शेरावत और विजय राज का रोमांस
इतना ही नहीं, फिल्म में मल्लिका शेरावत ने राजकुमार राव की बड़ी बहन चंदा का रोल निभाया है, जिसका सारा मोहल्ला दीवाना होता है। वहीं, विजय राज की एंट्री होती है तो दोनों की केमिस्ट्री शुरू होती है। इनकी केमिस्ट्री काफी बेहतरीन होती है, जो आपको हंसने पर मजबूर कर देती है फिल्म में दोनों को साथ में देखना और 90s के गानों पर रोमांस करते हुए देखना अलग ही एक्सपीरियंस है।
डायरेक्शन में दिखी कमी, सीडी खोजने में लग गए ढाई घंटे
‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ का डायरेक्शन राज शांडिल्य ने किया है। राज ने फिल्म की कहानी के साथ कॉमेडी और हॉरर का कमाल का तड़का लगाया है। वहीं, दर्शकों को गुदगुदाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मगर, उन्होंने फिल्म में एक सीडी खोजने में ढाई घंटे का वक्त लगा दिया, जिसकी वजह से कुछ कड़ियां ऐसी देखने के लिए मिलती हैं, जिसे देखकर लगता है कि उसके बिना भी फिल्म में काम चलाया जा सकता है। उन सीन्स से लगता है कि लोगों को हंसाने के चक्कर में फिल्म को खींचा गया है। इसमें कई कड़ियां हैं, जो कमजोर लगती हैं। फिल्म को 2 घंटे में खत्म किया जा सकता था।
फिल्म में है एक सरप्राइज
फिल्म में आपको एक सरप्राइज भी मिलने वाला है जो राजकुमार राव की फिल्म स्त्री से जुड़ा हुआ है। जिसे देखकर फिल्म देखने का मजा दोगुना हो जाएगा।
90s के गानों से सजी है फिल्म, शहनाज गिल ने आइटम सॉन्ग से लूटी लाइमलाइट
सोचिए अगर आज के समय की किसी फिल्म में कुमार सानू,उदित नारायण और अल्का याग्निक जैसे बेहतरीन सिंगर्स के 90s के गाने थिएटर में बज जाए तो क्या होगा? सोचिए जब सोचकर ही मजा आ गया तो लाइव देखने में कितना मजा आएगा। ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ में 90s के दर्द भरे गीत और रोमांटिक सॉन्ग देखने के लिए मिलते हैं। फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक कमाल का है। शहनाज गिल की एंट्री भी होती है और वो अपने आइटम सॉन्ग से लाइमलाइट लूट लेती हैं। इसमें उनका गजब का ट्रांसफॉर्मेशन देखने के लिए मिलता है।
फिल्म देखनी चाहिए या नहीं
अब अगर फिल्म ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ को देखने और ना देखने की बात की जाए तो इसे आप फैमिली के साथ देख सकते हैं। अगर आप कॉमेडी देखना पसंद करते हैं ऊपर से राजकुमार राव के फैन हैं तो ये दशहरा के मौके पर आपके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। लेकिन, अगर आप स्टोरी देखना पसंद करते हैं तो इस लिहाज से आपको ये फिल्म खास पसंद नहीं आएगी। लेकिन, कॉमेडी और डायलॉग्स जरूर पसंद आएंगे। वन टाइम वॉच है। इसमें कॉमेडी के साथ रोमांस, 90s का फील और हॉरर के साथ सब कुछ देख सकते हैं।