बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल (Vicky Kaushal) का नया अवतार देखने के लिए मिलने वाला है। वो इन दिनों फिल्म ‘छावा’ को लेकर चर्चा में हैं। ये एक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाली फिल्म है। इसका ट्रेलर पहले ही जारी किया जा चुका है, जिसमें अभिनेता के लुक और एक्टिंग ने फैंस की एक्साइटमेंट को और भी बढ़ा दिया। फैंस को इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार है। इसके जरिए वो पहली बार साउथ एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाले हैं। वो इन दिनों इसके प्रमोशन में भी बिजी हैं। बीते दिन ही विक्की जयपुर ढोल नगाड़ों के साथ प्रमोशन के लिए पहुंचे और जमकर मस्ती की। इस दौरान उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें ‘छावा’ के लिए तैयार किया गया और उन्हें इसके लिए कितनी मेहनत करनी पड़ी।
दरअसल, जयपुर में प्रमोशनल इवेंट में उस विवाद पर विक्की कौशल से बात की गई जब ट्रेलर में छत्रपति संभाजी महाराज को नाचते हुए दिखाया गया था। इस पर पूर्व राज्यसभा सांसद संभाजी राजे ने आपत्ति जताई थी। वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने चेतावनी दी थी कि अगर फिल्म में कोई आपत्तिजनक सीन रखा जाएगा तो इसे रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। बाद में डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात करके भरोसा दिया था कि विवादित सीन को हटा दिया जाएगा। अब इसी पर जयपुर इवेंट में विक्की कौशल से बात की। उन्होंने कहा कि इस मूवी की स्क्रिप्ट पर टीम ने ढाई साल लगाए हैं। इसके एक-एक फेक्ट पर अच्छे से काम किया गया है। इसलिए, क्योंकि किसी तथ्य के साथ छेड़छाड़ नहीं कर सकते।
विक्की कौशल ने फिल्म ‘छावा’ की तैयारी को लेकर कहा कि ये फिल्म लेखक शिवाजी सावंत के उपन्यास छावा पर बनी है। इसके निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसका निर्माण मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले किया गया है, जिसके प्रोड्यूसर दिनेश विजान हैं।
7 महीने बॉडी पर किया काम, तैयारी में 4 साल लगे
फिल्म ‘छावा’ को लेकर विक्की कौशल ने आगे बताया कि उन्हें इसकी तैयारी में 4 साल लगे और बॉडी पर उन्होंने 7 महीने तक काम किया। एक्टर ने जयपुर के इवेंट में अपनी तैयारी को लेकर बताया कि जब उनके पास फिल्म का ऑफर आया तो वो समझ नहीं पाए थे कि इस रोल को कैसे कर पाएंगे। उनसे डायरेक्टर ने कहा था कि इसमें उनको शेर के जैसे दिखना है। वो काफी घबरा रहे थे कि ऐसा कैसे संभव है। विक्की ने कहा कि उन्होंने संभाजी की फोटो देखी थी वो एकदम शेर की तरह दिखते थे। फोटो देखने के बाद एक्टर ने मना कर दिया था कि ये नहीं हो पाएगा। फिर उन्होंने इसे एक चैलेंज की तरह लिया।
विक्की बताते हैं कि उन्होंने 7 महीने तक अपनी बॉडी पर काम किया और 25 किलो वजन बढ़ाया। इस मूवी की तैयारी 4 साल पहल शुरू हुई थी। टीम स्क्रीप्ट पर रिसर्च कर रही थी। ढाई साल के करीब स्क्रिप्ट में लग गए। विक्की ने 7 महीने में बॉडी बनाई, वजन बढ़ाए और घुड़सवारी तक सीखी और शूट भी 7 महीने तक चला। विक्की ने इसके लिए कड़ी मेहनत की थी।
मराठा इतिहास के बारे में क्या बोले विक्की कौशल?
इसके अलावा विक्की कौशल ने मराठा इतिहास के बारे में भी बात की। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वो महाराष्ट्र से हैं। बचपन से उन्होंने स्कूल की किताबों में मराठा इतिहास को पढ़ा था। इसलिए वो छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में सब जानते हैं लेकिन उनके बेटे संभाजी महाराज भी एक बहुत बड़े योद्धा थे। वो मानते हैं कि संभाजी महाराज के कैरेक्टर पर काम करने उनके लिए चैलेंजिंग था।
बहरहाल, अगर फिल्म ‘छावा’ की रिलीज की बात की जाए तो ये 14 फरवरी, 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इसमें विक्की कौशल के साथ रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना भी अहम रोल में हैं। मूवी में अक्षय के रोल की भी काफी तारीफ हो रही है।