भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी-20 विश्वकप में भाग ले रही है। इसी बीच विराट कोहली के होटल के कमरे का वीडियो लीक होने पर सनसनी मच गई। विराट ने वायरल वीडियो पर तीखी नाराजगी जाहिर की है, जिसके बाद अनुष्का शर्मा ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट लिखा।
अब सोशल मीडिया पर विराट के वीडियो पर कई सेलिब्रिटीज ने कमेंट किए हैं और इस पूरी घटना पर हैरानी जताई है। इसी क्रम में अब बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला ने भी विराट के साथ हुए इस हादसे को शर्मनाक बताया है।
उर्वशी रौतेला ने किया पोस्ट
उर्वशी रौतेला ने अपने सोशल मीडिया पर विराट कोहली की पोस्ट पर भी कॉमेंट किया और साथ ही अपनी स्टोरी पर भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि वह लिखती हैं, ‘बिल्कुल, ये बहुत खराब और बेशर्मी भरा है। सोचिए वो ऐसा ही किसी लड़की के कमरे में करते तो?
अर्जुन कपूर ने भी किया कमेंट
उर्वशी के अलावा बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर ने भी कमेंट करते हुए लिखा कि ‘यह बिल्कुल अनएथिकल और अनकूल है।’ वहीं परिणिति चोपड़ा ने लिखा कि ‘अलग लेवल के नीचे गिर गए।’ इसी के साथ गौहर खान ने कमेंट किया, ‘कृपया होटल पर मुकदमा करें। यह भयावह है।’ काजल अग्रवाल कहती हैं, ‘डरावना है।’ वरूण धवन लिखते हैं कि ‘डरावना रवैया है।’ ऋतिक ने लिखा कि ‘इस आदमी को फायर कर देना चाहिए। होटल वालों को इस बात की रिस्पांसिबिलिटी लेनी चाहिए।’
क्या था वीडियो में?
बता दें कि क्रिकेटर विराट कोहली के होटल रूम से लीक हुए वीडियो में विराट का पर्सनल सामान जैसे कैप्स, जूते की तमाम जोड़ियां और चश्में के साथ अन्य चीजें भी दिखाई दे रही है। इस वीडियो के लीक होने के बाद ही विराट कोहली ने अपनी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैं समझ सकता हूं कि फैन्स अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखकर खुश और एक्साइटेड हो जाते हैं लेकिन यह वीडियो भयावह है। अगर होटल के कमरे में भी प्राइवेसी नहीं होगी तो कहां उम्मीद कर सकते हैं। लोगों को समझना चाहिए की सभी की एक प्राइवेसी होती है। वह केवल मनोरंजन का जरिया नहीं हैं।