Urmila Matondkar contest Loksabha Election: 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के राजनीति में आने की खबरें आ रही हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आगामी लोकसभा चुनाव में उर्मिला मुंबई नॉर्थ से कांग्रेस की उम्मीदवार हो सकती हैं। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम उर्मिला से संपर्क में हैं और कुछ दिनों में उनके नाम का ऐलान भी हो सकता है। हालांकि संजय निरुपम से जब मीडिया में इस बाबत सवाल पूछा गया तो उन्होंने फिलहाल कोई भी कमेंट करने से मना कर दिया। उर्मिला के परिवार वाले भी अभी इसपर कुछ भी खुलकर नहीं बोल रहे हैं। बता दें कि उर्मिला ने 1983 में आई गुलजार की फिल्म मासूम से सिनेमा की दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में वह एक बाल कलाकार के रूप में थीं। इस फिल्म का उर्मिला पर फिल्माया गाना लकड़ी की काठी काठी पे घोड़ा आज तक सुना सुनाया जाता है।
बात अगर मुंबई की लोकसभा सीटों की करें तो यहां 6 सीटे हैं। इन सभी पर 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है। उर्मिला को मराठी होने का फायदा मिल सकता है इसलिए कांग्रेस ने उनपर दांव लगाने का मन बनाया है। अगर उर्मिला को टिकट मिल जाता है तो उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के गोपाल शेट्टी से होगा। गोपाल शेट्टी मुंबई के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं।
[bc_video video_id=”5998175246001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
इससे पहले इसी सीट से गोविंदा भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। 2004 के लोकसभा चुनाव में गोविंदा ने आठ बार सांसद रहे तब के पेट्रोलियम मंत्री राम नाइक को करारी शिकस्त दी थी। 2009 में राम नाइक को फिर से हार का मुंह देखना पड़ा था। उन्हें तब संजय निरुपम ने शिकस्त दी थी। 2014 में संजय निरुपम बीजेपी के गोपाल शेट्टी से चुनाव हार गए। फिलहाल गोपाल शेट्टी इस सीट पर सिटिंग एमपी हैं।
