Urmila Matondkar in Congress: चुनावी माहौल के बीच एक के बाद एक कई स्टार्स के पॉलिटिकल पार्टियों में शामिल होने की खबरें आ रही हैं। ऐसे में बड़ी खबर आ रही है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस को जॉइन कर लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में एक्ट्रेस उर्मिला ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बता दें, उर्मिला 90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस हैं। काफी दिनों से उर्मिला के राजनीति में आने की खबरें आ रही थीं।

कयास लगाए जा रहे हैं कि अब आगामी लोकसभा चुनाव में उर्मिला मुंबई नॉर्थ से चुनाव लड़ेंगी। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम उर्मिला से संपर्क में बने हुए थे। पहले ही कहा जा रहा था कि कुछ दिनों में उनके नाम का ऐलान हो सकता है। बताते चलें उर्मिला ने 1983 में आई गुलजार की फिल्म ‘मासूम’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में एक्ट्रेस चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर दर्शकों के सामने आई थीं। इस फिल्म का उर्मिला पर फिल्माया गाना ‘लकड़ी की काठी काठी पे घोड़ा’ आज तक सुना-सुनाया जाता है।

बता दें कि मुंबई की 6 लोकसभा सीटों में  29 अप्रैल को वोटिंग होनी है। उर्मिला को पार्टी में शामिल करने का मकसद है कि उन्हें मराठी होने का पूरा फायदा मिल सकता है। ऐसे में कांग्रेस ने उन्हें पार्टी में शामिल करने का मन बनाया। ऐसे में अब अगर उर्मिला को टिकट मिल जाता है तो उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के गोपाल शेट्टी से होगा। गोपाल शेट्टी मुंबई के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं।

90 के दशक की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक उर्मिला ने साल 2016 में शादी रचाई। 3 मार्च को एक्ट्रेस उर्मिला ने एक कश्मीरी बिजनेसमैन का हाथ थामा था। एक्ट्रेस काफी समय से कश्मीरी बॉयफ्रेंड मीर मोहसीन अख्तर को डेट कर रही थीं।

(और ENTERTAINMENT NEWS पढ़ें)