Bollywood Most Awaited Movies 2024: मनोरंजन के लिहाज से साल 2023 बॉलीवुड के लिए लकी साबित हुआ है। इस साल ‘पठान’, ‘जवान’, ‘गदर 2’ समेत कई ऐसी फिल्में आईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया। आने वाला साल भी मूवी लवर्स के लिए कई बेहतरीन फिल्में लेकर रहा है। दीपिका पादुकोण-ऋतिक रोशन स्टारर ‘फाइटर’, ‘छोटे मिया बड़े मिया’, ‘स्त्री 2’ समेत कई बढ़िया फिल्में 2024 में रिलीज (Movies will release in 2024) होने वाली हैं। हम आपको आने वाले साल में रिलीज होने वाली फिल्मों के नाम बताने वाले हैं। जिनकी घोषणा हाल ही में की गई है।
‘स्त्री 2’
राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘स्त्री’ खूब पसंद की गई थी। फिल्म का अंत एक ऐसे मोड़ पर हुआ था, जो दर्शकों को सोच में छोड़ गया। अब इस फिल्म का अगला पार्ट आने वाला है। राजकुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें फिल्म में आने वाले पार्ट की घोषणा की गई थी। ये फिल्म साल 2024 में अगस्त के महीने में रिलीज होने वाली है।
‘प्रोजेक्ट के’
अमिताभ बच्चन, कमल हासन, प्रभास, दीपिका पादुकोण और दिशा पटानी स्टारर ‘प्रोजेक्ट के’ जनवरी 2024 में रिलीज होने वाली है। इस साइंस फिक्शन का डायरेक्शन नाग अश्विन ने किया है। ये फिल्म 2023 में प्रसिद्ध सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (एसडीसीसी) में प्रीमियर होने वाली पहली भारतीय फिल्म है।
‘भूल भुलैया 3’
अनीस बज्मी की ‘भूल भुलैया 2’ की सफलता के बाद, फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म की आधिकारिक घोषणा की गई है। कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए ‘भूल भुलैया’ सीरीज के तीसरे पार्ट की जानकारी दी थी। ये फिल्म साल 2024 में दिवाली के आसपास रिलीज होने वाली है।
‘फाइटर’
सिद्धार्थ आनंद की फिल्म नए साल की शुरुआत यानी 25 जनवरी 2024 को रिलीज हो रही है। फिल्म में ऋतिक रोशन, दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर अहम किरदार में हैं। फिल्म का टीजर और पोस्टर सामने आ चुके हैं। दीपिका का दमदार किरदार काफी पसंद किया जा रहा है।
‘मेट्रो…इन दिनों’
‘मेट्रो…इन दिनों’ के मेकर्स ने हाल ही में इस फिल्म की घोषणा की है। ये फिल्म 29 मार्च, 2024 को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में आदित्य रॉय कपूर, सारा अली खान, अनुपम खेर, पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, अली फजल, नीना गुप्ता और फातिमा सना शेख मुख्य किरदारों में हैं।
‘चंदू चैंपियन’
फिल्ममेकर कबीर खान ने साल 2022 में अपनी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ की घोषणा की थी। ये फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है। इसमें कार्तिक आर्यन मुख्य किरदार में हैं। हाल ही में कार्तिक ने फिल्म के टाइटल के साथ इसकी रिलीज डेट की घोषणा की थी। जो 14 जून, 2024 को रिलीज होगी।
‘लव सेक्स और धोखा 2’
एकता कपूर ने ‘लव सेक्स और धोखा 2’ की झलक सोशल मीडिया पर शेयर कर दी है। ये फिल्म 16 फरवरी, 2024 को थिएटर में रिलीज होगी। इसका डायरेक्शन दिबाकर बनर्जी ने किया है।
‘मिस्टर एंड मिसेज माही’
राजकुमार राव और जान्हवी कपूर स्टारर रोमांटिक स्पोर्ट्स ड्रामा ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ नए साल पर 15 मार्च, 2024 को रिलीज होने वाली है। साल 2022 से इस फिल्म पर काम चल रहा है।
‘बड़े मियां छोटे मियां’
अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ 2024 में ईद के मौके पर रिलीज होने के लिए तैयार है। वाशु भगनानी द्वारा निर्मित, फिल्म अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा मलयालम अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन भी फिल्म में नजर आने वाले हैं।
‘द क्रू’
तब्बू, करीना कपूर, कृति सेनन और दिलजीत दोसांझ स्टारर ये फिल्म 22 मार्च, 2024 को रिलीज के लिए तैयार है। ‘द क्रू’ तीन महत्वाकांक्षी महिलाओं के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है जो खुद को ऐसी परिस्थितियों में पाती हैं, जहां वह उलझ जाती हैं। इस फिल्म का निर्देशन राजेश कृष्णन ने किया है।
‘अमर सिंह चमकीला’
नेटफ्लिक्स ओरिजिनल की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ साल 2024 में रिलीज होने वाली है। फिलहाल इसकी रिलीज डेट की जानकारी नहीं दी गई है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ और परिणीति चोपड़ा हैं। फिल्म का डायरेक्शन इम्तियाज अली ने किया है।
‘मेरा महबूब मेरे सनम’
आनंद तिवारी की आने वाली फिल्म ‘मेरे महबूब मेरे सनम’ आने वाले साल की शुरुआत में यानी 23 फरवरी, 2024 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिलहाल इसकी रिलीज डेट टाल दी गई है। फिल्म में विक्की कौशल और तृप्ति डिमरी की जोड़ी नजर आने वाली है।
‘सिंघम अगेन’
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी ‘सिंघम’ का अगला पार्ट आ रहा है। फिल्म के पहले दो पार्ट आ चुके हैं, ‘सिंघम’ और ‘सिंघम रिटर्न्स’, जिनकी सफलता के बाद अगली किस्त पर काम किया गया है। फिल्म स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज होगी।