भारत में इन दिनों IPL 2023 चल रहा है। दुनियाभर में क्रिकेटप्रेमी इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे छोटे फ़ॉर्मेट T20 क्रिकेट का जमकर लुत्फ़ उठा रहे हैं। क्रिकेट को मनोरंजक बनाने के लिए इस बार इस साल आईपीएल का प्रसारण कुल 12 भाषाओं में उपलब्ध है। अंग्रेजी और हिंदी के अलावा फैंस अब भोजपुरी, मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ पंजाबी, गुजराती, मराठी और बंगाली में कमेंट्री सुन सकते हैं।

भोजपुरी भाषा वालों के लिए ये गर्व का क्षण है। भोजपुरी कमेंट्री के लिए पांच कमेंटेटर को चुना गया है। जिसमें बिहार के सीवान के रहने वाले सौरभ उर्फ रॉबिन सिंह भी शामिल हैं। रॉबिन शुद्ध भोजपुरी में फर्राटेदार कमेंट्री कर दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।

गोरखपुर के सांसद और भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता रविकिशन की कमेंट्री इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। इसी बीच जानी मानी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। नेहा सिंह को भोजपुरी कमेंट्री रास नहीं आ रही है। उन्होंने भोजपुरी कमेंट्री पर कर रहे स्टार्स पर जमकर भड़ास निकाली है।

भोजपुरी स्टार्स की कमेंट्री पर भड़कीं नेहा सिंह

दरअसल नेहा सिंह राठौर ने हाल ही में बिहार तक को दिए एक इंटरव्यू दिया है। इस दौरान एंकर ने उनसे आईपीएल में भोजपुरी कमेंट्री को लेकर सवाल किया। इस पर गायिका ने जवाब देते हुए कहा कि ‘मैंने भी भोजपुरी में कमेंट्री जब सुनी मेरा एक घंटे तक दिमाग खराब रहा। इनकी हिम्मत कैसे हुई, ये भोजपुरी को इस तरह से कैसे प्रस्तुत कर सकते हैं। गर्दा उड़ा ए भाई साहब ई कैसन बॉलर है हो.. ई तो जड़िया में मार देहलस। बैटवा में लागता कि तेल पिलाके आइल बाड़े। छुआता और गेंद आरा तक उड़ जाता। ललचावा ताड़े, फिर घोलटाव ताड़े। ई तो लालीपाप खिलाके विकट लेले बाड़े…। ए भइया हई का, ई नइका हथियार ह हो, हवाई जहाज शाट। कुछ भइल बा, गेंदा हवा में गइल बा। केहूके मुंह फोड़वा का।’

नेहा ने आगे कहा कि ‘इस तरह के अजीब अजीब शब्द सुनने को मिल रहे हैं। पहले तो आपने भोजपुरी गानों में ये सब किया लहंगा उठादे रिमोट से, कुर्ती के टूटल बा पठानिया, फिर वहीं भाषा जा कर आप आईपीएल में कमेंट्री कर रहे हो। मुझे तो बहुत दुख हुआ। मैं उन लोगों से सवाल करना चाहता हूं कि जो भोजपुरी के हितेसी बनते हैं, कहां है वो लोग? सत्ता की चाटुकारिता से फुर्सत नहीं मिल रही है आपको? बताओ इनको कि लफंगे लहजे में जो ये बता रहे हैं, ये आपकी भाषा नहीं है।’

कमेंट्री में भोजपुरी एक्ट्रेस की एंट्री पर क्या बोलीं नेहा

कमेंट्री में भोजपुरी एक्ट्रेस की एंट्री करने पर नेहा सिंह ने कहा कि ‘उन लोगों की एंट्री हो रही है। जिनको भोजपुरी आती भी नहीं है। दो लाइन भी भोजपुरी में बोल नहीं पाएंगी। कैसे लफंगे टाइप के लोग हैं।’