आरती सक्सेना
स्टार प्लस, कलर्स टीवी, सोनी सब टीवी जैसे चैनलों पर 2022 में कई नए धारावाहिक और शो शुरू होने जा रहे हैं। इनमें से कुछ तो शुरू हो भी चुके हैं। ‘नागिन’ जैसा लोकप्रिय धारावाहिक फिर नई नागिन दिखाने की तैयारियां कर चुका है, तो वैलेंटाइन डे पर दर्शकों को एकता कपूर ‘परिणीति’ में प्रेम कहानी दिखाने के लिए तैयार हैं।
नए साल की शुरुआत से ही छोटे परदे पर दर्शकों को नया कुछ देने की तैयारियां चैनलों ने शुरू कर दी। हालांकि चैनलों पर ऐसे शो भी चल रहे हैं जो बीते साल से प्रसारित हो रहे हैं। जैसे स्टार प्लस के ‘अनुपमा’ (रूपाली गांगुली गौरव खन्ना), इमली (संबल तौकीर खान, गशमीर महाजनानी), गुम है किसी के प्यार में (नील भट्ट, आयशा सिंह), कलर्स टीवी के थोड़ा-सा बादल थोड़ा सा पानी (इशिता दत्ता, हर्षद अरोड़ा), नीमा डेंग्जोंग्पा (सुरभि दास, अक्षय केलकर), ‘बिग बास 15’, ‘उड़ारियां’ (प्रियंका चौधरी, इशा मालवीय, अंकित गुप्ता, करण ग्रोवर)जैसे कई दिलचस्प धारावाहिक दर्शकों का इस साल भी दिल बहला रहे हैं।
इसी जोश के साथ छोटा परदा 2022 में भी नए सीरियलों के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेगा। नए धारावाहिकों में स्टार प्लस का पारिवारिक धारावाहिक ‘कभी कभी इत्तफाक से’ जनवरी से प्रसारित होने लगा है। इसमें डेल्नाज पाल और कंवरजीत सिंह प्रमुख भूमिकाओं में हैं। दूसरी ओर एकता कपूर का ‘नागिन’ लंबे समय से दर्शकों में लोकप्रिय रहा है। सीरियल में इस बार नई नागिन ‘बिग बास’ विजेता तेजस्वी प्रकाश को बनाया गया है। ‘नागिन’ के हर सीजन ने न सिर्फ लोकप्रियता हासिल की है बल्कि इसमें काम करने वाली हर अभिनेत्री ने अच्छा खासा नाम और दाम कमाया है।
‘नागिन’ के अलावा एकता कपूर और एक धारावाहिक ‘कसम तेरे प्यार की’ का दूसरा भाग ले कर आ रही हैं, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। कृतिका सेंगर और शरद मल्होत्रा की मुख्य भूमिका वाले इस धारावाहिक का पहला सीजन कलर्स चैनल पर लोकप्रिय था। दूसरी ओर स्टार प्लस पर ‘चांदनी’ नामक एक शो में प्यारी सी प्रेम कहानी नजर आएगी। यह एक गोरे लड़के और सांवली लड़की के संबंधों पर आधारित है। धारावाहिक में स्वाति राजपूत और अंकित सिवाच की जोड़ी है। वहीं सोनी सब टीवी पर ‘धर्मयोद्धा गरूड़ा’ और ‘अफलातून’ जैसे मनोरंजक सीरियल दस्तक दे रहे हैं।
वैलेंटाइन डे 14 फरवरी से बालाजी टेलीफिल्म्स का नया सीरियल परिणीति शुरू होने जा रहा है। यह एक त्रिकोणीय प्रेम कहानी है। पहले इस धारावाहिक का नाम ‘प्रेम बंदिनी’ रखा गया था। इसमें ‘बैरिस्टर बाबू’ फेम आंचल साहू मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। अन्य कलाकार होंगे अंकुर वर्मा, तन्वी डोगरा, विशाल सोलंकी। कलर्स टीवी पर इसे सोमवार से शुक्रवार रात दस बजे देखा जा सकेगा।
वहीं अगर रियलटी शो की अगर बात करें तो इस बार डांस शो के तौर पर धमाल मचाने वाला ‘डांस दीवाने’ एक नए अवतार में नजर आएगा। इस शो में इस बार सिर्फ बच्चों को ही प्रतियोगी बनाया गया है। इसमें अन्य निर्णायकों के अलावा एक और निर्णायक पर्दापण करने जा रहे हैं जिनका सपना ही था डांस शो जज करने का था। जज के रूप में हंै ‘बिग बास’ के रनर अप रहे निशांत भट्ट। इसके अलावा ‘इंडियाज गाट टैलेंट’ का नया सीजन भी दर्शकों को नए-नए तरीकों से लुभा रहा है। ‘खतरों के खिलाड़ी’ का नया सीजन भी जल्द ही शुरू होने वाला है। बालाजी टेली फिल्म्स का अगला अनाम शो बच्चों पर आधारित है। यह दर्शकों को एक नया सरप्राइज भी देगा।
इसके अलावा ‘फना इश्क में मरजावां’ पहले से ही दर्शकों का प्यार पा रहा है। लोकप्रिय धारावाहिक ‘मधुबाला’ का अगला भाग ‘मधुबाला 2’ भी जल्द ही दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार है। सोनी सब टीवी पर हास्य धारावाहिक ‘गुलदस्ता’ जल्द ही प्रस्तुत होने जा रहा है। जी टीवी के ‘मेरा पति’ में सना खान और राजवीर सिंह प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इनके अलावा ‘कहानी घर घर की 2’, ‘प्यार की एक कहानी 2’, ‘नामकरण 2’ फिर से दर्शकों का मनोरंजन करने आ रहे हैं। कलर्स टीवी पर एक नया अनोखा सीरियल ‘साहिबा’ प्रसारित होने जा रहा है। इस धारावाहिक में एक मुसलमान लड़की की प्रेम कहानी दिखाई गई है। वहीं ‘स्पाय बहू’ में बहु का एक अतरंगी रूप नजर आने वाला है, जिसमें अहम भूमिका में सना सईद नजर आएंगी। दूसरी ओर ‘गुस्ताखियां’ मराठी सीरियल की कहानी से प्रेरित है। इसके अलावा ऐसी दीवानगी देखी नहीं कही 2 भी जल्द ही शुरू होने जा रहा है।