‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम एक्टर गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल से लापता है और इतने दिन बीत जाने के बाद भी उनका पता नहीं चल पाया है। पुलिस और करीबी लोग लगातार उन्हें तलाश रहे हैं लेकिन वह अब तक नहीं मिल पाए हैं। अब कुछ बाते निकलकर आई हैं, जिसने इस केस को और भी उलझा दिया है। पता चला है कि गुरुचरण 10 से ज्यादा बैंक अकाउंट चलाते हैं और उनके Gmail पर भी एक से ज्यादा अकाउंट है।

धार्मिक होते जा रहे थे गुरुचरण सिंह

पुलिस की जांच में पता चला है कि गुरुचरण सिंह का धर्म की तरफ झुकाव ज्यादा होने लगा था। वह पहाड़ों में जाकर रहना चाहते थे। ये इच्छा उन्होंने अपने करीबी दोस्त से कही थी कि वह पहाड़ों पर जाना चाहते हैं। ये जो नई बातें निकलकर सामने आ रही हैं, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह अपनी मर्जी से कहीं चले गए हैं।

इससे पहले जो जानकारी सामने आई थी वो ये कि उनके एटीएम से 7 हजार रुपये निकाले गए थे। इसके साथ ही उन्हें दिल्ली के पालम एरिया में घूमते देखा गया था। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। वह एक रिक्शा से दूसरे रिक्शा में बैठते हुए भी दिखे थे। जिसके बाद कहा जा रहा था कि उन्होंने खुद अपने लापता होने की साजिश रची है।

पालम में फेंका फोन

दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुचरण ने अपना फोन पालम इलाके में छोड़ दिया था। जिसके कारण अब उन्हें ढूंढने में मुश्किल हो रही है। गुरुचरण के लापता होने के 3 दिन बाद 25 अप्रैल को उनके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने किडनैपिंग केस दर्ज कर उन्हें तलाशना शुरू किया था। लेकिन अब ये मामला किडनैपिंग का नहीं रहा, क्योंकि इतने दिन बीत जाने के बाद परिवार के पास फिरौती के लिए कोई कॉल नहीं आया, बल्कि जो भी सबूत हाथ लग रहे हैं उससे ये साफ होता जा रहा है कि गुरुचरण अपनी मर्जी से कहीं चले गए हैं।