टीवी का पॉपुलर शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में गुरुचरण सिंह ने सोढ़ी की भूमिका निभाई। इस शो से वो घर-घर में पॉपुलर हुए। इसमें उनके किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। हालांकि, 22 अप्रैल को उनके लापता होने की खबर ने सभी को हैरान कर दिया था। गुरुचरण सिंह पिछले दिनों 25 दिनों तक लापता रहे थे। इस बीच घर वाले बहुत परेशान हुए। लेकिन बाद में सही सलामत वो वापस लौट आए। ऐसे में लोगों ने उन पर आरोप लगाया कि ये सब पब्लिसिटी स्टंट था। लेकिन, अब टीवी एक्टर ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है और अपने लापता होने पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि वो अपना घर बसाना चाहते हैं और फिर से काम करना चाहते हैं।

दरअसल, गुरुचरण सिंह ने हाल ही में बॉम्बे टाइम्स से बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि कोविड महामारी के बाद से कई चीजों ने उन्हें प्रभावित किया है। वो मुंबई छोड़कर 2020 में अपने पिता के पास रहने चले गए थे। उसी बीच उनके पिता की सर्जरी भी हो रही थी। वहां उन्होंने खुद का बिजनेस भी शुरू करने की कोशिश की लेकिन इसमें वो सफल नहीं हो पाए थे। गुरुचरण सिंह उर्फ सोढ़ी ने आगे बिजनेस फेल होने को लेकर कहा कि या तो काम ठीक से नहीं हुआ या फिर जिन लोगों के साथ उन्होंने काम शुरू किया था वो गायब हो गए। उन्हें धोखा दिया। उन्होंने बताया कि उनके बीच सालों से प्रॉपर्टी विवाद भी चल रहे थे। इसमें उनका बहुत पैसा भी खर्च हुआ है।

25 दिनों तक बने रहे संन्यासी

‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के सोढ़ी बताते हैं कि इन सभी की वजह से उनकी आर्थिक स्थिति बुरी तरह से प्रभावित हुई है और वो परेशान हो गए हैं। वो अपने पेरेंट्स के प्रभाव के कारण हमेशा से अध्यात्मिक रहे हैं। जब वो उदास महसूस कर रहे थे तो उन्होंने भगवान की ओर रुख किया और अध्यात्मिक यात्रा शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि वो 25 दिनों तक संन्यासी की रहा पर थे। उनका लौटकर आने का कोई प्लान नहीं था। उनका मानना है कि वो भगवान के संकेत के बाद ही लौटकर आए हैं। वहीं, उनके गायब होने को कुछ लोगों ने पब्लिसिटी कहा तो इसका भी एक्टर ने जवाब दिया और कहा कि घर आने के बाद भी उन्होंने कोई इंटरव्यू नहीं दिया। लेकिन, अब बोल रहे हैं क्योंकि वो कुछ ऐसी बातें स्पष्ट करना चाहते हैं, जो लोग उनके बारे में कह रहे हैं।

कर्ज चुकाकर शादी करना चाहते हैं सोढ़ी

गुरुचरण सिंह ने आगे अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर कहा कि वो सारे लोन और कर्ज चुकाने के लिए खूब काम करना चाहते हैं लेकिन अभी उनके पास कोई काम नहीं है। वो फिर से काम कर अपनी लाइफ को खुशहाल बनाना चाहते हैं। इतना ही नहीं, एक्टर ने कहा कि वो शादी की प्लानिंग भी करना चाहते हैं। वो जल्द ही घर बसाने का प्लान कर रहे है।