टीवी की फेमस एक्ट्रेस दलजीत कौर (Dalljiet Kaur) पिछले काफी समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पहली शादी में असफलता फेस करने के बाद उन्होंने दूसरी शादी निखिल पटेल से की थी। लेकिन, किस्मत को उनकी खुशी रास नहीं आई और सभी अरमान पानी में बह गए। उन्होंने दूसरी शादी इसलिए की थी कि उनके बेटे जेडन को पिता का प्यार मिल सके। इसके लिए विदेश जाकर पति के साथ रहने लगी थीं लेकिन, 8 महीने में ही उनका ये रिश्ता बिखर गया और एक बार से फिर से उनका दिल टूट गया। निखिल से रिश्ता खत्म होने के बाद उन्हें पति का घर छोड़ना पड़ा और भारत बिना पैसे-घर के लौटना पड़ा। अब वो आर्थिक परेशानियों का सामना कर रही हैं। वो एक सूटकेस की जिंदगी जीने के लिए मजबूर हैं। फिर भी वो हौंसला नहीं हारी हैं और बेटे के साथ नई शुरुआत करना चाहती हैं।
दरअसल, दलजीत कौर ने अपना लेटेस्ट ट्रैवेल व्लॉग यूट्यूब पर शेयर किया है। इसमें वो अपने स्ट्रगल को लेकर बता रही हैं कि कैसे उनका भारत में कोई घर नहीं है और उन्होंने अपना 9 साल पुराना घर बेच दिया था। एक्ट्रेस ने ये भी बताया कि कैसे प्यार में लोग अपनी आर्थिक स्थिति को नजरअंदाज कर देते हैं। उनके साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ। व्लॉग में एक्ट्रेस ने अपने हाल को बयां किया है, जिससे वो इन दिनों गुजर रही हैं। दलजीत ने बताया कि वो बेटे के साथ एक सूटकेस की जिंदगी जीने को मजबूर हैं। अपने बुरे दिनों को यादकर वो रो पड़ीं।
बेचा 9 साल पुराना घर
इसके साथ ही व्लॉग में दलजीत कौर ने बताया कि उनके पास एक घर था, जो कि 9 साल पुराना था। इसमें वो 9 सालों से रह रही थीं। इसकी एक-एक चीज उन्होंने खुद बनाई थी। अब उनके पास उनका वो घर भी नहीं रहा। लेकिन, बुरे दौर से गुजर रहीं एक्ट्रेस ने फिर भी हिम्मत नहीं हारी है। उन्होंने खुद को मजबूती से संभाले रखा और वो अब एक नई जिंदगी की शुरुआत करना चाहती हैं। क्योंकि उनका मानना है कि इस बार जिंदगी एक सूटकेस से शुरू हो रही है। उन्होंने फैसला किया है कि वो सूटकेस उठाएंगी और पूरी दुनिया घूमेंगी।
इसके अलावा दलजीत ने बताया कि उनकी फैमिली उन्हें सपोर्ट कर रही है। वो मुंबई में घर ढूंढने में भी कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती हैं। एक्ट्रेस का कहना है कि उन्हें आसानी से फ्लैट किराए पर मिल सकता है। वो अपनी जिंदगी में इस समय को मौके के तौर पर देखती हैं कि इस समय में वो अनी कहानी फिर से लिख सकती हैं।