साउथ फिल्म इंडस्ट्री के पॉपुलर स्टंट मास्टर और एक्टर कनाल कन्नन एक बार फिर कानूनी दांव पेंच में फंस गए हैं। कनाल कन्नन को नागरकोइल में साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
तमिलनाडु पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कनाल कन्नन ने कुछ दिनों पहले एक पादरी का एक लड़की के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का भी आरोप लगा है। अधिकारियों ने स्थिति से निपटने और साइबर अपराध कानूनों के तहत उनको तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया पर शेयर किया था पादरी का वीडियो
कुछ दिन पहले स्टंट मास्टर ने अपने ट्विटर पर एक विदेशी पादरी का वीडियो शेयर किया था। वीडियो में पुजारी एक छोटी लड़की के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पादरी ने लड़की की कमर पर हाथ रखा हुआ था। जिस पर एक्टर ने आपत्ति जताई थी। कनल कन्नन ने वीडियो पोस्ट किया जिसे पृष्ठभूमि में तमिल गीतों के साथ एडिट किया गया था।
उन्होंने ट्वीट को कैप्शन देते हुए लिखा, ‘यही है विदेशी धार्मिक संस्कृति की सच्ची स्थिति? धर्मांतरित हिंदुओं सोचो! पश्चाताप!” कनाल कन्नन की इस पोस्ट की ट्विटर पर अन्य लोगों ने काफी आलोचना की थी। वहीं, तमिलनाडु के हिंदू संगठन हिंदू मुनान्नी ने इस मामले में एक्टर की गिरफ्तारी और तमिलनाडू पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया है।
गिरफ्तारी के विरोध में संगठन ने पुलिस स्टेशन के आगे प्रदर्शन किया। मीडिया से बात करते हुए हिंदू मुन्नानी के प्रदेश राज्य प्रवक्ता एलंगोवन ने इसे फर्जी केस करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिस वीडियो को शेयर करने की वजह से कन्नन को गिरफ्तार किया गया है, वह पहले से ही वायरल है।
एक्टर को पूछताछ के बाद किया गया गिरफ्तार
कनाल को उनकी इस पोस्ट के बाद काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इस वीडियो को देखने के बाद कन्याकुमारी जिले के थिट्टुविलाई इलाके के डीएमके आईटी विंग के सदस्य ऑस्टिन बेनेट ने कनाल कन्नन के खिलाफ नागरकोइल क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद नागरकोइल साइबर क्राइम ब्रांच पुलिस ने मामला दर्ज किया। सोमवार को क्राइम ब्रांच पुलिस ने कनाल कन्नन को पूछताछ के लिए उपस्थित होने के लिए समन जारी किया था। जहां एक्टर उपस्थित हुए और उन्हें जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।