एक्टर और प्रोड्यूसर कृष्ण कुमार की दिवंगत बेटी तिशा कुमार लंबे समय से कैंसर की जंग लड़ रही थीं, 18 जुलाई 2024 को 21 साल की तिशा का निधन हो गया था। 4 दिन बाद तिशा का अंतिम संस्कार हो पाया, इस दुख की घड़ी में उनके माता-पिता का बुरा हाल हो गया। उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। तिशा का अंतिम संस्कार रविवार 21 जुलाई को होना था मगर उनका पार्थिव शरीर जो फ्लाइट लेकर आ रही थी, भारी बारिश की वजह से उसका रूट बदलना पड़ा।
लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकल गए थे मगर जब फ्लाइट नहीं पहुंची तो वो वापस लौट गए। आज सुबह तिशा का अंतिम संस्कार हुआ। तिशा को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके परिवार के लोग पहुंचे हैं।
इंडस्ट्री से भी कई लोग कृष्णा कुमार और उनकी पत्नी तान्या सिंह के सपोर्ट के लिए पहुंचे हैं। तिशा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रितेश देशमुख, फराह खान, सई मांजरेकर, साजिद नाडियाडवाला, ओम राउत, सलमान के बॉडीगार्ड शेरा पहुंचे हैं।
तिशा टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार की चचेरी बहन थीं। गुलशन कुमार और कृष्ण कुमार भाई हैं, और कृष्णा टी-सीरीज के को-ओनर भी हैं। तिशा के भैया भूषण कुमार और भाभी दिव्या खोसला कुमार भी इस दुख की घड़ी में पहुंचे हैं।
तिशा लाइमलाइट से दूर रहती थीं, उन्हें आखिरी बार रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘एनिमल’ के प्रीमियर में देखा गया था। इस दौरान वो पिता कृष्ण कुमार के साथ नजर आई थीं। तिशा का जन्म कृष्ण कुमार और तान्या सिंह के घर 6 सितंबर 2003 को हुआ था।
जर्मनी में चल रहा था तिशा कुमार का इलाज
तिशा लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रही थीं। पहले मुंबई में उनका इलाज चला और जब आराम नहीं मिला तो उन्हें जर्मनी ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान तिशा का निधन हो गया। तिशा सिर्फ 21 साल की थीं।
कृष्ण कुमार ‘बेवफा सनम’ में नजर आए थे
तिशा के पिता एक्टर कृष्ण कुमार ने कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है, हालांकि उनकी फिल्मों ने ज्यादा कमाल नहीं किया फिर वो प्रोड्यूसर बन गए। साल 1995 में आई फिल्म ‘बेवफा सनम’ में कृष्ण कुमार, शिल्पा शिरोडकर, अरुणा ईरानी और शक्ति कपूर जैसे सितारों के साथ नजर आए थे। इस फिल्म का गाना ‘अच्छा सिला दिया’ खूब हिट हुआ था, इस गाने के साथ सोनू निगम ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था।