टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के फिल्म ‘काली’ विवाद पर दिए बयान को लेकर हर तरफ आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया पर मोइत्रा का जमकर विरोध किया जा रहा है। इसी बीच फिल्म एक्टर प्रकाश राज उनके समर्थन में उतरे हैं। प्रकाश राज ने ट्विटर पर मोइत्रा से कहा है कि वो उनके साथ हैं।
प्रकाश राज ने ट्वीट किया,”रॉकस्टार महुआ मोइत्रा, मैं तुम्हारे साथ हूं। जो भारतीय जनता पार्टी की बकवास से थक गए हैं, हमें ज्वाइन कर ले। सिर्फ पूछ रहा हूं।” प्रकाश राज के ट्वीट पर यूजर्स उनपर भड़क गए।
कोलुरी विश्वनाथ ने लिखा,”हैलो प्रकाश ये आरएसएस और वेस्ट बंगाल सांसद की बात नहीं है। ये उनकी काली माता और हिंदुओं के प्रति गलत धारणा को लेकर है। वो धर्म और हिंदु धर्म के बारे में कुछ नहीं जानती। इससे किसी को फर्क नहीं पड़ता कि आप उसके साथ हो या नहीं। लेकिन आपको रिवाज और संस्कृति के बीच का अंतर पता होना चाहिए।”
ज्ञाना गिरी ने लिखा,”आप डबल स्टैंडर्ड क्यों खेल रहे हैं। नुपुर शर्मा ने जो किया वो गलत है लेकिन महुआ मोइत्रा ने जो किया वह भी गलत है। इसकी निंदा करने में क्या दिक्कत है?”इस पर सुनील अग्रवाल ने लिखा,”नुपुर शर्मा ने किसी और के धर्म के बारे में कहा था। महुआ मोइत्रा ने अपने खुद के धर्म पर बोला है। ये अंतर है।”
प्रकाश राज के अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने महुआ मोइत्रा का साथ दिया है। उन्होंने मोइत्रा के इस विवाद को लेकर दिए इंटरव्यू को शेयर करते हुए लिखा,”अगर हम इसमें नहीं पड़ेंगे तो उनकी मंशा पूरी होगी। महुआ मोइत्रा को सुनो। हमेशा की तरह सुप्रभात।”
आपको बता दें कि नुपुर शर्मा के मोहम्मद पैगंबर को लेकर दिए बयान से दुनियाभर में आक्रोश खत्म नहीं हुआ था। इसी बीच फिल्म काली का पोस्टर जारी करते हुए टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि उनके लिए मां काली मांस-मदिरा को स्वीकार करने वाली देवी हैं। इस बात की हर किसी को आजादी है कि वो अपने भगवान की किस तरह से कल्पना करता है। इस पर किसी को कोई ऐतराज भी नहीं होना चाहिए।
क्या है विवाद? दरअसाल फिल्म काली का पोस्टर और वीडियो जारी हुआ है, जिसमें मां काली सिगरेट पीते हुए हाथ में LGBTQ का झंडा लिए नजर आ रही हैं। इसी को लेकर हर तरफ बहस छिड़ी है। महुआ मोइत्रा ने भी इस फिल्म को लेकर ही बयान दिया था।