हॉलीवुड एक्टर जॉनी डेप और उनकी पूर्व पत्नी के बीच चल रहे मानहानि के मुकदमे में रोज कोई ना कोई नया मोड़ आ रहा है। 24 मई को सुनवाई के बीच कोर्ट रूम में एक महिला ने दावा किया कि वो जॉनी से प्यार करती है और उसकी गोद में जो बच्चा है वो भी जॉनी का ही है।

द इंडिपेंडेंट के अनुसार, कोर्ट सेशन के दौरान कोर्ट रूम में बैठे लोगों में से एक महिला अचानक खड़ी हुई और सबके सामने चिल्लाकर बोली कि उसकी गोद में जो बच्चा है, उसके पिता डेप हैं। महिला ने कहा,”जॉनी मैं तुमसे प्यार करती हूं, हमारी आत्मा एक है और ये बच्चा तुम्हारा है।”

डेप के रिएक्शन से सब हैरान: इसके बाद काफी देर तक कोर्ट रूम में हंगामा हुआ। बाद में महिला को वहां से बाहर कर दिया गया। इसके साथ ही उसके हाथ में बंधे बैंड (जिससे वो कोर्ट में एंट्री कर सकती थी) को काट दिया। वहीं दूसरी ओर, डेप महिला की ओर मुड़े और हाथ से इशारा करते हुए उसे देखकर मुस्कुराए। जो सभी को जरा अजीब लगा।

महिला बोली, मैं मजाक कर रही थी: हालांकि बताया जा रहा है कि महिला ने बाद में कहा कि वो मजाक कर रही थी। उसने खुलासा किया कि वो अपने पति के साथ ऐसा मजाक करने की मंशा से ही वहां आई थी। ऐसा पहली बार नहीं है कि इस कपल की सुनवाई के दौरान ऐसी हरकत हुई हो। इससे पहले भी कोर्टरूम में बैठा एक व्यक्ति बीच में जोर-जोर से हंसने लगा था। जिसे देखकर अन्य लोग भी मुस्कुरा रहे थे। इसके बाद उस व्यक्ति को भी कोर्ट रूम से बाहर कर दिया गया था।

बता दें कि हॉलीवुड के मशहूर एक्टर जॉनी डेप और एंबर हर्ड 2017 में तलाक लेकर एक-दूसरे से अलग हो गए थे। लेकिन साल 2018 में अंबर हर्ड ने वाशिंगटन पोस्ट में एक लेख लिखा, जिसमें उन्होंने बताया कि डेप के साथ रिश्ते में उनपर काफी जुल्म हुए हैं।

जिसके बाद पायरेट्स ऑफ द कैरेबियन स्टार ने हर्ड पर मानहानि का दावा किया। डेप ने हर्ड पर 50 मिलियन डॉलर का मुकदमा दायर करते हुए कहा कि हर्ड ने उन्हें बदनाम किया। जिसके बाद हर्ड ने दावा किया कि वो घरेलू हिंसा का शिकार थीं। हर्ड ने डेप को काउंटर क्लेम करते हुए उनसे 100 मिलियन डॉलर की मांग की है।