एक्टर रणबीर कपूर ने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया है। रणबीर कपूर अपने लुक्स और एक्टिंग के चलते अक्सर चर्चा में रहते हैं। दूसरी तरफ उनकी बहन रिद्धिमा कपूर लाइमलाइट से दूर रहती हैं। हाल ही में रिद्धिमा कपूर टीवी शो ‘The Kapil Sharma Show’ में नज़र आई थीं। यहां उन्होंने अपने परिवार और मां के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की थी। साथ ही यहां नीतू कपूर ने बताया था कि वह अपने बच्चों को बहुत कम पैसे देती थीं।

रिद्धिमा कपूर ने बताया था कि वह एक बार लंदन गई हुई थीं तो जब वह वापस आईं तो एक लड़की ने उनका टॉप पहना हुआ था। रिद्धिमा कहती हैं, ‘मैं कई दिनों से उस टॉप को ढूंढ रही थी। मैंने देखा कि इसके अलावा भी कई कपड़े गायब हो गए थे। बाद में मुझे पता चला कि रणबीर मेरे टॉप ले जाकर अपनी गर्लफ्रेंड को देता था।’ इस दौरान नीतू कपूर भी यहां मौजूद थीं और वह हंसने लगती हैं।

नीतू इस पर कहती हैं, ‘रणबीर ऐसा इसलिए करता होगा क्योंकि मैं उसको पैसे ही बहुत कम देती थी। ये बात सच है कि मैंने अपने बच्चों को बहुत लिमिटेड ही पैसे दिए हैं। क्योंकि इससे वो पैसों की कीमत समझ पाएं। अगर बच्चों को ज्यादा पैसे दे दो तो उन्हें उन पैसों की कीमत नहीं रहती। बच्चों की परवरिश करते हुए ये बात ध्यान रखनी बहुत जरूरी है।’ कपिल शर्मा भी नीतू कपूर से इस पर टिप्स मांगने लगते हैं। कपिल कहते हैं, ‘नीत मैम इस बारे में मुझे भी कुछ टिप्स चाहिए कि हम कैसे बच्चों को कंट्रोल रखें।’

रिद्धिमा की बेटी देना चाहती थी रणबीर का नंबर: रिद्धिमा कपूर ने इस दौरान बताया था कि उनकी बेटी रणबीर कपूर का नंबर स्कूल की लड़कियों को देना चाहती थी। कपिल ने जब रिद्धिमा से इसका कारण पूछा तो उन्होंने कहा था, ‘मेरी बेटी को स्कूल में कोई चुनाव जीतना था। उसने मुझसे पूछा था कि मैं ये चुनाव जीतना चाहती हूं। क्या मैं रणबीर का नंबर लड़कियों को दे सकती हूं? इससे मैं भी घबरा गई और कहा कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं करना है।’