बिग बॉस 4 के रनर अप रहे द ग्रेट खली ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस शो को स्क्रिप्टेड कहा है। Sardar’s Take को दिए एक इंटरव्यू में खली ने बिग बॉस को स्क्रिप्टेड कहा है। खली ने WWE को लेकर भी बयान दिया है, खली ने उसे भी स्क्रिप्टेड कहा है। इंटरनेशनल लेवल पर WWE में भारत का नाम रोशन करने वाले द ग्रेट खली ने पहली बार इसे लेकर इतनी बड़ी बात कही है।

बिग बॉस को द ग्रेट खली ने बताया स्क्रिप्टेड

सरदार्स टेक से बात करते हुए खली ने पहले बिग बॉस को लेकर कहा, ”शो स्क्रिप्टेड होता है, सब बताते हैं, मैं बता रहा हूं शो सारा स्क्रिप्टेड होता है।” जब एंकर ने कहा ‘पर WWE स्क्रिप्टेड नहीं था।’ जवाब में खली ने कहा, ‘सब स्क्रिप्टेड होता है, आप क्या चीज पूछना चाह रहे हैं, सारा स्क्रिप्टेड होता है। सारी दुनिया ही स्क्रिप्टेड है, शादी करते हैं वो भी स्क्रिप्टेड होती है।’

अंबानी की शादी को लेकर क्या बोले खली

खली ने आगे अंबानी के घर शादी को लेकर भी बात की। खली ने कहा कि बहुत अच्छा इंतजाम था, बहुत अच्छे लोग थे। मंत्री हो या संतरी या फिर कोई सेलिब्रिटी, सभी को बराबर का ट्रीटमेंट मिल रहा था। उन लोगों ने भंडारे लगवाएं, कई लोगों को रोज भोजन कराते थे, गायों की सेवा की। पूरे रीति रिवाजों और मंत्रोच्चार के साथ शादी हुई। संतों से आशीर्वाद दिलवाया।

द ग्रेट खली उर्फ दलीप सिंह राणा ने साल 2006 में रेसलिंग की ग्लैमरस दुनिया डब्ल्यूडब्ल्यूई में डेब्यू किया था। डब्ल्यूडब्ल्यूई में उनकी पहली फाइट 7 अप्रैल 2006 को टीवी पर प्रसारित की गई थी। इस 7 फुट 3 इंच लंबे पहलवान ने कई बड़े पहलवानों को पटखनी दी। अंडरटेकर को भी खली ने धूल चटा दी थी। अब इस गेम को खली ने स्क्रिप्टेड कहा है।

वहीं बिग बॉस की बात की जाए तो साल 3 अक्तूबर 2010 को शुरू हुए बिग बॉस 4 में द ग्रेट खली कंटेस्टेंट बनकर पहुंचे। ये वही सीजन था जिससे सलमान खान ने बिग बॉस होस्टिंग की शुरुआत की थी। खली ने इस गेम को अच्छी तरह से खेला। फैन्स का भी सपोर्ट उन्हें मिला और वो बिग बॉस 4 के फाइनलिस्ट बन गए थे। उनकी टक्कर टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी से थी। श्वेता इस शो की विनर बनी थीं वहीं खली फर्स्ट रनर अप बने थे। सलमान खान ने इस शो का विजेता घोषित किया था। श्वेता तिवारी ने इस शो में 1 करोड़ रुपये का ईनाम जीता था।