भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की तगड़ी फैन फॉलोइंग है। लोग उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब रहते हैं। अब हाल ही में एक्ट्रेस का बिहार के औरंगाबाद जिले में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां एक्ट्रेस के प्रोग्राम में जमकर बवाल हुआ है। ये घटना 17 जनवरी की है। एक्ट्रेस औरंगाबाद के दाउदनगर की एक दुकान के उद्घाटन कार्यक्रम में आई थीं।
अक्षरा के कार्यक्रम से बाहर निकलते ही हंगामा हो गया। इस दौरान लोगों ने जमकर पत्थरबाजी की। जिससे पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कुछ नेताओं ने इस हंगामे को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसका कुछ असर नहीं हुआ। पुलिस ने इस मामले में 200 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अक्षरा सिंह के कार्यक्रम में पत्थरबाजी
यह पहली बार नहीं है जब अक्षरा सिंह के किसी कार्यक्रम में हंगामा हुआ हो। इससे पहले भी भोजपुरी क्वीन के कई कार्यक्रमों में उनकी एक झलक पाने के लिए भीड़ बेकाबू होते हुए नजर आई है। ऐसा ही कुछ बीते दिन दाउद नगर के कार्यक्रम में हुआ। फैंस एक्ट्रेस की एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आई। एक्ट्रेस को देखने के लिए देखते ही देखते इतनी भीड़ जमा हो गई कि पुलिस को मामला संभालने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा। इसके बाद भीड़ ने भी पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी।
इस पत्थरबाजी में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इसके बाद अक्षरा सिंह पुलिस की मदद से कार्यक्रम से निकल गईं। बता दें कि कार्यक्रम की शुरूआत में एक्ट्रेस ने कुछ भोजपुरी गाने गाए थे और इसी के साथ उन्होंने लोगों से बातचीत भी की थी। हालांकि जैसे ही कार्यक्रम आगे बढ़ा वहां मौजूद भीड़ ने हंगामा काट दिया।
थाना प्रभारी ने क्या कहा
प्रभारी थाना अध्यक्ष ने सुनील कुमार ने बताया है कि कार्यक्रम को संपन्न करवाने के लिए 40 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। इस पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। वहीं दो लोग मामूली रूप से घायल हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का कहना है कि अक्षरा सिंह के लेट आने की वजह से हजारों की तादाद में भीड़ जमा हो गई थी। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है। पूरे मामले पर अभी तक अक्षरा सिंह का स्टेटमेंट नहीं आया है।