टीवी शो ‘द बिग पिक्चर’ में रणवीर सिंह कंटेस्टेंट्स के साथ गेम खेल उन्हें मालामाल करते हैं। वहीं दिल के रिश्ते बनाने में भी पीछे नहीं हटते। हाल ही में शो पर एक महिला कंटेस्टेंट ने रणवीर से अपने दिल की फीलिंग्स शेयर कीं और फिर उनकी कलाई में राखी बांध दी। ये देख कर रणवीर सिंह बेहद इमोशनल हो गए। जिसके बाद रणवीर सिंह ने अपनी मुंह बोली बहन को एक खास तोहफा दे डाला।
दरअसल, शो से एक प्रोमो सामने आया है, जिसमें रुशाली नाम की महिला कहती हैं- आज बड़ी उम्मीदों से उनकी कलाई पर राखी बंधनी है। थोड़ा सा प्यार और थोड़ी सी खुशी बस अपने लिए मांगनी है।’ इस पर रणवीर कहते हैं- ‘आज मंच पर भाई बनाया है, तो ताई, भाई की तरफ से एक छोटा सा गिफ्ट।’ रणवीर सिंह इस दौरान रुशाली के हाथ में एक बहुत बड़ा डब्बा रखते हैं।
रुशाली उस डब्बे को मंच पर ही खोलती हैं। डब्बे में से लाल रंग का एक दुल्हन का जोड़ा बाहर आता है। भारी भरकम लाल लहंगे को रुशाली बाहर निकालती हैं और बेहद इमोशनल हो जाती हैं। ऐसे में कंटेस्टेंट भावुक होकर रणवीर सिंह के गले लग जाती हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया- ‘रुशाली जी को मिले रणवीर के रूप में उनका भाई। द बिग पिक्चर के मंच पर।’
बतादें, रणवीर सिंह के शो पर सलमान खान से लेकर अक्षय कुमार, कैटरीना कैफ और रानी मुखर्जी जैसे बड़े कलाकार भी शिरकत कर चुके हैं। कुछ वक्त पहले सलमान खान रणवीर के शो पर अपनी फिल्म ‘अंतिम’ के प्रोमोशन के लिए आए थे। रणवीर उस वक्त सलमान के सामने नर्वस और एक्साइटेड नजर आए थे। वहीं रणवीर ने फिल्म सूर्यवंशी की टीम के साथ भी शो के मंच पर खूब मस्ती की थी।
ज्ञात हो रणवीर सिंह की फिल्म 83 जल्द ही रिलीज होने वाली है। इससे पहले रणवीर सिंह की झलक रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में भी नजर आई थी। रोहित शेट्टी की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई की है। अक्षय कुमार फिल्म ने अब तक 290.14 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है।