‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के कलाकारों की इस बार दिवाली में चांदी-चांदी हुई है। पहले शो के ‘जेठालाल’ यानी दिलीप जोशी ने चमचमाती कार खरीदी। वहीं ‘बबीता जी’ यानी मुनमुन दत्ता ने भी आलीशान फ्लैट खरीदा है। जी हां, इस बारे में खुद मुनमुन दत्ता ने अपने फैंस को बताया है। इतना ही नहीं, अपने नए घर में कुछ पोज देते हुए एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं।
साथ ही कैप्शन में इस बात का जिक्र किया है कि इस वक्त वह अपने नए घर में हैं, ये उनके लिए एक नई शुरुआत है। मुनमुन दत्ता ने फैंस को ये गुड न्यूज अपनी ढेरों तस्वीरों के साथ दी। मुनमुन दत्ता ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘नया घर…नई शुरुआत।’
मुनमुन ने आगे लिखा- ‘बहुत बिजी थी, टाइट शेड्यूल के बीच अपने नए घर में शिफ्ट हो गई हूं। इस दौरान काफी बीमार भी पड़ गई थी। अब ठीक भी हो चुकी हूं। लेकिन अपने नए घर में नई शुरुआत करने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं। मेरा सपना जो पूरा हो गया है।’
दरअसल, मुनमुन ने दिवाली से पहले ही अपने नए घर में शिफ्ट कर लिया था। ऐसे में जो तस्वीरें मुनमुन ने शेयर कीं वो दिवाली की ही हैं। मुनमुन के पीछे बालकोनी दिख रही है जो कि जाली से कवर नजर आ रही है। वहीं मुनमुन के पीछे दिवाली की डेकोरेटिंग लाइट्स भी दिखाई दे रही हैं।
मुनमुन ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘इस बार दिवाली का लेट पोस्ट डाल रही हूं। अपने नए घर में शिफ्ट हुई हूं। सोशल मीडिया से भी थोड़ा वक्त दूर रही थी। मां के साथ क्वॉलिटी टाइम स्पेंड कर रही थी। ऐसे में मैंने बड़ी शांत किस्म की दिवाली मनाई। मैंने जीरो से शुरू किया था। किसी की मदद नहीं ली थी। आज मैं जहां हूं अपने बलबूते हूं। मैं खुद पर बहुत गर्व करती हूं। मेरा हार्डवर्क मेरी लगन इन सबने मिलकर मुझे ये सब कुछ दिया है।’
बता दें, इससे पहले ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ शो के जेठालाल यानी एक्टर दिलीप जोशी ने भी दिवाली पर एक चमचमाती कार खरीदी। एक्टर ने काले रंग की Kia Sonet subcompact SUV परिवार को दिवाली पर गिफ्ट दी। इस कार की कीमात करीब 12.29 लाख रुपए है।