पिछले दिनों सोनाक्षी सिन्हा केबीसी 11 में रामायण के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल का जवाब नहीं दे पाई थीं। सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल हुईं सोनाक्षी ने इसके बाद अपने सोशल मीडिया ऑफीशियल अकाउंट से ट्रोल्स को जवाब भी दिया था। लेकिन अब इस बार उत्तर प्रदेश के मंत्री सुनील भराला ने भी बॉलीवुड एक्ट्रेस पर कटाक्ष करते हुए बड़बोले और अभद्र शब्द का इस्तेमाल किया है।

श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष के रूप में मंत्री पद संभाल रहे सुनील भराला ने अपने बयान में सोनाक्षी सिन्हा को ‘धनपशू’ (मनी एनिमल) कह डाला। साथ ही उन्होंने सोनाक्षी के लिए कहा कि ‘ऐसे लोग सिर्फ पैसे कमाने की फिक्र करते हैं।’

एचटी को दिए बयान में सुनील भराला ने कहा- ‘ये लोग आज के वक्त में सिर्फ पैसे के पीछे ही भागते हैं। वह कमाते और खुद पर खर्च करना जानते हैं। वह इतिहास के बारे में कुछ नहीं जानते। देवी देवताओं के बारे में कोई ज्ञान नहीं रखते। सीखने के लिए वह वक्त नहीं निकालते। ये दुखद है।’

बता दें, सोनाक्षी सिन्हा 20 सितंबर को केबीसी 11 में बिग बी के सामने हॉट सीट पर बैठीं थीं। इस बीच उनसे सवाल किया गया कि ‘रामायण के अनुसार हनुमान संजीवनी बूटी किसके लिए लेकर आए थे?’ इस सवाल का जवाब सोनाक्षी नहीं दे पाई थीं।

ऐसे में उन्होंने ऑडियंस पोल लाइफलाइन का सहारा लिया था। इस बीच सोनाक्षी ने गलत जवाब देते हुए ‘राम’ भी कहा था। हालांकि बाद में ऑडियंस पोल के जरिए उन्होंने सही जवाब का चुनाव कर लिया था और ‘लक्ष्मण’ ऑप्शन को लॉक करवाया था।’

इस सवाल का सही जवाब न दे पाने की वजह से सोनाक्षी सोशल मीडिया पर बुरी तरह से ट्रोल होने लगीं। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर तो मीम्स की बहार छा गई थी। हर कोई सोनाक्षी का मजाक उड़ाने लगा। तो वहीं सोनाक्षी ने भी ट्रोल्स को ट्विटर पोस्ट के जरिए जवाब दिया था।


सोनाक्षी ने लिखा था- ‘मेरे प्यारे जागे हुए ट्रोल्स, मैं पायथागॉरस थ्योरम भी भूल गई हूं, टेबल्स भी मुगलों को भी और क्या क्या याद नहीं.. वो भी याद नहीं। अगर आपके पास कोई काम नहीं और इतना टाइम है तो प्लीज इन सब पर भी मीम्स बनाओ ना। आई लव मीम्स।’

(और Entertainment News पढ़ें)