Ramayan: रामानंद सागर द्वारा बनाया गया ऐतिहासिक धारावाहिक ‘रामायण’ का जब से दूरदर्शन पर पुन: प्रसारण शुरू हुआ है, तब ही से शो से लेकर इसके किरदारों के बारे नए नए खुलासे हो रहे हैं। कोरोनावायरस के संक्रमण से जूझ रहे देशवासियों के घर में मनोरंजन के लिए रामायण को शुरू किया गया है। इस दौरान इस धार्मिक सीरियल के किरदारों को लेकर भी तमाम तरह की बातें सामने आ रही हैं। रामायण में भरत की भूमिका निभाने वाले एक्टर संजय जोग (Sanjay Jog) को कोई कैसे भूल सकता है। जिस भावपूर्ण ढंग से उन्होंने भरत के कैरेक्टर को छोटे पर्दे पर जीवंत किया था वो वाकई काबिले तारीफ था।

रामायण के भरत एक्टर बनने से पहले पायलट बनना चाहते थे और एयरफोर्स ज्वाइन करना चाहते थे। लेकिन कुछ मीडिया की खबरों के अनुसार संजय के परिवार ने 1971 में हुए इंडो-पाकिस्तान युद्ध में कुछ करीबी रिश्तेदारों को खो दिया था। इस सदमे से परिवार उबर नहीं पा रहा था। यही कारण था कि संजय के माता-पिता उन्हें पायलट नहीं बनाना चाहते थे। हालांकि संजय अब हमारे बीच नहीं हैं उनका महज 40 वर्ष की उम्र में लीवर फेल होने के चलते निधन हो गया था।

महाराष्ट्र के नागपुर में जन्में संजय जोग ने पायलट बनने का सपना छोड़ने के बाद अपनी एक्टिंग की पढ़ाई मुंबई से की थी। 80 से 90 के दशक में वो टीवी की इंडस्ट्री के सुपरहिट कलाकारों में से एक थे। संजय ने अपने करियर की शुरुआत 1976 में मराठी फिल्म ‘सिपला’ से की थी हालांकि ये फिल्म कुछ खास नहीं चली थी इसके बाद मराठी फिल्म जिद से उनका करियर चल पड़ा और उन्होंने अपना बॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘अपना अपना घर’ से किया।

इसी फिल्म में काम करने के दौरान उन्हें रामानंद सागर की रामायण में काम करने का मौका मिला। संजय को पहले लक्ष्मण के रोल के लिए कास्ट किया गया था लेकिन उन्होंने इसे नाकार दिया। जिसके बाद उन्होंने खुद इस धारावाहिक में काम करने की इच्छा जताई तो उन्हें भरत का रोल दिया गया। आज भले ही संजय जोग इस दुनिया में नहीं लेकिन भरत के रूप में उन्हें हमेशा याद किया जाता रहेगा।