रामानंद सागर के सीरियल श्री कृष्णा में ‘कंस’ का रोल निभाने वाले एक्टर विलास राज आज इस दुनिया में नहीं है। इस बात का खुलासा शो में छोटे कृष्णा की भूमिका निभाने वाले एक्टर स्वपनिल जोशी ने किया था। विलास राज मराठी एक्टर थे। वो श्री कृष्णा में कंस के अलावा रामानंद सागर की ‘उत्तर रामायण’ में राक्षस लवणासुर का किरदार भी निभा चुके थे। इसके अलावा उन्होंने ‘अलिफ लैला’ में भी निगेटिव भूमिका निभाई थी। उन्होंने एक्टिंग सीखने के लिए अपने शुरुआती दिनों में थियेटर्स में काम किया था। श्री कृष्णा के बाद उन्हें घर-घर में कंस के नाम से लोग पहचानने लगे थे।
टीवी एक्टर स्वपनिल जोशी के मुताबिक, ‘एक बार विलास राज मुंबई के गिरगांव में स्थित लक्ष्मीबाई चॉल में किसी से मिलने पहुंचे थे। लोगों को जब पता चला, तो उन्हें देखने के लिए और उनसे मिलने के लिए भगदड़ मच गई, इतना ही उस बस्ती के बच्चे जोर-जोर से चिल्लाने लगे ‘लवणासुर राक्षस आ गया।’ वहीं एक्टर विलास राज और रामानंद सागर के साथ काम करने का किस्सा भी बड़ा रोचक है। रामानंद सागर के प्रोडक्शन हाउस के मुताबिक, एक बार विलास राज मुंबई के दादर में शिवाजी मंदिर के बाहर एक नाटक कर रहे थे। इस नाटक में वो एक ट्रक ड्राइवर बने थे। इस दौरान प्रेम सागर की नजर उन पर पड़ी और प्रेम ने विलास को विक्रम बेताल के लिए साइन कर लिया।
गौरतलब है कि कोरोनावायरस की वजह से देश में लगे लॉकडाउन के चलते, दूरदर्शन पर पहले रामायण, महाभारत का प्रसारण शुरू किया गया था। इन शोज ने काफी अच्छी टीआरपी बटोरी। जिसके बाद रामानंद सागर द्वारा निर्देशित श्री कृष्णा का प्रसारण भी शुरू किया जा चुका है। इसके प्रसारण के बाद से ही शो से जुड़े तमाम कलाकार और किस्सों की चर्चा हो रही है। ‘श्री कृष्णा’ दूरदर्शन पर प्रतिदिन रात नौ बजे से प्रसारित किया जाता है।
बता दें श्री कृष्णा में कंस का किरदार निभा कर ना सिर्फ विलास राज को घर घर में लोकप्रियता हासिल हुई, बल्कि शो में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाले एक्टर सर्वदमन डी. बनर्जी को भी दर्शकों का खूब प्यार मिला। जब ये धारावाहिक टीवी पर पहली बार प्रसारित हो रहा था, उन दिनों सर्वदमन डी. बनर्जी को लोग भगवान कृष्ण मानकर उनकी पूजा तक किया करते थे।