कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की तबीयत को लेकर उनकी पत्नी शिखा श्रीवास्तव ने अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि राजू फाइटर हैं और वो जल्द हमारे बीच वापस आएंगे। 58 वर्षीय कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव 10 अगस्त से दिल्ली के एम्स में भर्ती हैं। उनकी हेल्थ से जुड़ी जानकारी रोज उनके फैंस तक पहुंचाई जा रही है। अब उनकी पत्नी ने बताया है कि राजू की तबीयत पहले से बेहतर हैं, डॉक्टर्स उनका अच्छे से इलाज कर रहे हैं।

शिखा श्रीवास्तव ने गुरुवार, 18 अगस्त को पीटीआई से बातचीत की और राजू की तबीयत के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि राजू की हालत पहले से ठीक है, वो एक फाइटर हैं और जल्द ठीक होकर सबके बीच लौटेंगे। उन्होंने कहा,”हमें आपकी प्रार्थना और शुभकामनाओं की जरूरत है।” इसके अलावा शिखा ने मीडिया और प्रशंसकों से अफवाह न फैलाने का अनुरोध किया, उन्होंने कहा कि इसका परिवार के मनोबल पर असर पड़ता है।

शिखा ने कहा,”मेरा विनम्र अनुरोध है कि कृप्या अफवाह न फैलाएं। इससे हमारा मनोबल टूट जाता है। हमें नेगेटिव एनर्जी नहीं चाहिए। हमें पॉजिटिव एनर्जी चाहिए। कृप्या उनके जल्दी ठीक होने के लिए प्रार्थना कीजिए और वो जल्द ठीक हो जाएंगे। डॉक्टर उन्हें ठीक करने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहे हैं और राजू भी उनका साथ दे रहे हैं। राजू लड़ रहे हैं तो कृपा करके नेगेटिविटी न फैलाएं।”

बता दें कि कल राजू श्रीवास्तव को लेकर खबर आ रही थी कि उनकी हालत काफी गंभीर है और उनका दिमाग काम करना बंद कर चुका है। इसके साथ ही बताया जा रहा था कि उनका दिल भी सही से काम नहीं कर रहा है और उन्हें वैंटिलेटर सपोर्ट से हटा दिया गया है।

गौरतलब है कि राजू श्रीवास्तव 1980 के दशक से मनोरंजन इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। राजू ने साल 2005 में रियलिटी स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के पहले सीजन में भाग लेने के बाद प्रसिद्धि हासिल की थी। जिसके उनके सितारे बुलंद होते गए। राजू ने फिल्म ‘मैंने प्यार किया’, ‘बाजीगर’, ‘बॉम्बे टू गोवा’ और ‘आमदनी अट्ठनी खर्चा रुपया’ में भी काम किया है। इसके अलावा वो फिल्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष भी हैं।