Movie Masti With Manish Paul: सोनम कपूर और जाह्नवी कपूर दोनों बहनें एक साथ टीवी शो मूवी मस्ती विद मनीष पॉल के सेट पर पहुंचीं। मनीष पॉल के इस शो में सोनम और छोटी बहन जाह्नवी ने खूब मस्ती की और ढेर सारे गेम्स भी खेले। इस बीच दोनों बहनों के बीच गेम्स खेलते हुए मुकाबला भी हुआ। जहां सोनम कपूर के अंदर विनर स्पिरिट दिखाई दी, तो इधर जाह्नवी कपूर भी गेम जीतने के लिए काफी दौड़ भाग और मेहनत करती दिखीं।
शो में दोनों बहनों के साथ राजकुमार राव भी पधारे। राजकुमार राव ने भी इस बीच दोनों सिस्टर्स के साथ खूब एंजॉय किया। साथ ही इस शो में जाह्नवी के को-स्टार ईशान खट्टर भी दिखाई देंगे। ईशान और राजकुमार दोनों अलग अलग टीम्स में बैठकर एंजॉय करते दिखाई देंगे।
सोनम कपूर ने अपने इंस्टाग्राम से मनीष पॉल के शो के स्पेशल एपिसोड का एक छोटा सा टीजर शेयर किया है। फैंस के साथ शेयर किए गए इस वीडियो में सोनम कपूर ने कैप्शन देते हुए लिखा है- ‘इससे कपूर्स ज्यादा देर दूर नहीं रह पाए। मूवी मस्ती विद मनीष पॉल में मुझे देखें मेरे पार्टनर इन क्राइम राजकुमार राव के साथ। आज 9.30 पीएम जी टीवी पर।’
जाह्नवी कपूर और सोनम कपूर कई बार टॉक शो में साथ नजर आ चुकी हैं। लेकिन ऐसा पहली बार है जब दोनों बहने ऑन स्क्रीन एक्टिविटी करतीं और गेम खेलतीं साथ नजर आने वाली हैं। दोनों बहनों में से किसकी होती है जीत कौन होता है विनर और हारने वाला कैसे रिएक्ट करता है ये देखना काफी दिलचस्प है। इसके अलवा इस शो में जाह्नवी और सोनम एक दूसरे के बारे में कई सारी बातें करते भी नजर आएंगे।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सोनम की फिल्म जोया फैक्टर बड़े पर्दे पर आई थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखाया था। तो वहीं जाह्नवी कपूर अब बायोपिक ‘गुंजन सक्सेना’ में नजर आने वाली हैं।
