सुष्मिता सेन को कुछ महीनों पहले दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद एंजियोप्लास्टी हुई थी। अपने हार्ट अटैक की जानकारी एक्ट्रेस ने कई दिनों के बाद दी थी। उन्होंने बताया था कि ‘आर्या 3’ के शूट के वक्त उन्हें हार्ट अटैक आया था। अब उस बात को काफी वक्त बीत चुका है। हाल ही में एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने उस वक्त कैसे खुद को संभाला।

एक्ट्रेस ने कर्ली टेल्स को एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने अपनी स्थिति के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि इसके बाद उनकी याददाश्त कमजोर होने लगी थी। उन्हें ब्रेन फॉग की समस्या हो गई थी। वह एक ही इंसान से दो बार उसका नाम पूछा करती थीं।  एक्ट्रेस ने कहा कि पब्लिक फिगर होते हुए उन्हें ये बात काफी अजीब लगती थी। वह इससे काफी परेशान हो गई थीं।

सुष्मिता ने बताया कि जिस वक्त वह ‘आर्या 3’ की शूटिंग कर रही थीं, तब उन्हें हार्ट अटैक आया था। एक्ट्रेस ने कहा कि उनके पिता और मां दोनों हार्ट पेशेंट हैं तो वह इस बीमारी को लेकर हमेशा काफी सचेत रहती हैं। सेन ने कहा कि वह समय-समय पर अपने हार्ट का चेकअप करवाती हैं। दिल का दौरा पड़ने से ठीक छह महीने पहले भी उन्होंने दिल के टेस्ट करवाये थे और सभी रिपोर्ट्स नॉर्मल थीं।

डॉक्टर के साथ हंसी मजाक कर रही थीं सुष्मिता

सुष्मिता ने बताया कैसे उन्होंने इस बुरे वक्त में भी खुद को मजबूत रखा। एक्ट्रेस ने कहा कि वह लाइफ को एन्जॉय करने वाली इंसान हैं। वह हमेशा खुश रहती हैं और उनकी इस आदत के कारण वह परेशानी से आसानी से निपट पाती हैं। एक्ट्रेस ने कहा,”आपको जानकर हैरानी होगी लेकिन मैं ऑपरेशन थिएटर की टेबल पर हंस रही थीं। मैं डॉक्टर के साथ हंसी मजाक कर रही थी। मेरे डॉक्टर बहुत अच्छे थे।” इतना ही नहीं एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने खुद की एंजियोप्लास्टी होते हुए देखी थी।

सुष्मिता सेन ने खुद दी थी जानकारी

हार्ट अटैक के बाद ठीक होने पर सुष्मिता सेन ने फैंस को अपनी सेहत के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि वह बच गईं क्योंकि वह लकी हैं। एक बुरा दौर था जो गुजर गया अब उनके मन में लाइफ को लेकर कोई डर नहीं रह गया है। एक्ट्रेस ने कहा था कि वह लाइफ को और भी बेहतर ढंग से जिएंगी और पॉजिटिव नजरिए से इसे देखेंगीं।