Susheel Gowda Death News: बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के निधन की खबर से फैंस काफी दुखी और शॉक हैं। ऐसे में सीरियल ‘अंतपुरा’ में लीड रोल में नजर आने वाले टीवी एक्टर सुशील गौड़ा (Susheel Gowda) के निधन की खबर सामने आ रही है। सुशील ने अपने होम टाउन मंडया (कर्नाटक) में आत्महत्या कर ली है।

30 वर्षीय सुशील ने 7 जुलाई को आत्महत्या की थी हालांकि उनकी मौत के पीछे का कारण अभी सामने नहीं आया है। सुशील एक एक्टर होने के साथ साथ फिटनेस ट्रेनर भी थे जो कि खुद को कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे। सुशील गौड़ा, दुनिया विजय स्टारर फिल्म ‘सलगा’ में नजर आने वाले थे। इस फिल्म में सुशील एक पुलिसकर्मी का किरदार निभा रहे थे।

सुशील गौड़ा के निधन की खबर से फैंस हैरान हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘भाई आप बहुद जल्दी चले गए। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।’ एक दूसरे यूजर ने लिखा, ‘सुशील की आत्महत्या का मामला सामने आया है। कन्नड़ अभिनेता और फिटनेस ट्रेनर ने 30 वर्ष की उम्र में अज्ञात कारण से अपना जीवन समाप्त कर लिया है। हमारे जवान इतने नाजुक क्यों हैं ? उनकी आत्मा को शांति मिले।’

सुशील गौड़ा के निधन की खबर से फैंस के साथ-साथ सेलेब्स भी हैरान हैं। दुनिया विजय ने सुशील गौड़ा को याद करते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया है। दुनिया विजय ने लिखा, ‘जब मैंने पहली बार उसे देखा तो मुझे लगा कि वह एक हीरो मैटेरियल है। फिल्म रिलीज होने से पहले ही उसने हमें बहुत जल्द छोड़ दिया है। समस्या हो सकती है लेकिन आत्महत्या इसका हल नहीं है। मुझे लगता है कि इस वर्ष मौतों की श्रृंखला समाप्त नहीं होगी। यह इसलिए नहीं है कि कोरोना वायरस से लोग डरते हैं, लोग विश्वास खो रहे हैं क्योंकि उनके पास नौकरी नहीं है जो उन्हें जीवन जीने के लिए पैसे दे सकती है।’

अंतपुरा के निर्देशक अरविंद कौशिक ने सुशील को याद करते हुए लिखा, ‘दुखद समाचार मैंने सुना। सुशील गौड़ा जिन्होंने टीवी धारावाहिक अंतपुरा में मुख्य भूमिका निभाई थी, जिसे मैंने निर्देशित किया था। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’ अमिता रंगनाथ ने कहा, “मुझे अपने दोस्त से खबर मिली। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि अब और नहीं है। वह इतने प्यारे और कोमल दिल के इंसान थे। यह जानकर बहुत दुख हुआ है। उन्होंने हमें इतनी जल्दी छोड़ दिया है। उनके पास मनोरंजन उद्योग में अधिक हासिल करने की प्रतिभा थी।’