केंद्रीय कैबिनेट ने लड़कियों की शादी की उम्र 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 साल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उनके इस बयान का जहां देशवासी स्वागत कर रहे हैं तो वहीं हाल ही में सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने इस पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शादी के लिए लड़कियों की उम्र बढ़ाना ठीक नहीं है। इससे उन्हें ज्यादा आवारगी का मौका मिलेगा। अपने इस बयान को लेकर सपा नेता लोगों के निशाने पर आ गए हैं। वहीं हाल ही में पत्रकार सुशांत सिन्हा ने भी ट्वीट कर सपा नेता के बयान पर निशाना साधा है।

सुशांत सिन्हा ने शफीकुर्रहमान बर्क के बयान को लेकर समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, “सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क का कहना है कि लड़कियों की शादी की उम्र 21 होने से लड़कियां आवारगी करेंगी। यह दिखाता है कि समाजवादी पार्टी की सोच आज भी वही है कि रेप करने वाले ‘लड़के हैं, गलतियां हो जाती हैं।”

सुशांत सिन्हा ने अपने ट्वीट में आगे लिखा, “उनके लिए आज भी लड़कियां ही हर चीज की दोषी हैं। ये लोग खाक सुरक्षा देंगे महिलाओं को।” शफीकुर्रहमान बर्क को लेकर किया गया सुशांत सिन्हा का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि अपने इस ट्वीट के कारण वह खुद भी लोगों के निशाने पर आ गए।

कई सोशल मीडिया यूजर ने भाजपा का नाम लेते हुए सुशांत सिन्हा के ट्वीट का जवाब दिया। राजेंद्र नाम के यूजर ने सुशांत सिन्हा के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “कोई एक थोड़ी है, बहुत हैं। पर छुपाते हो एक पार्टी वालों को और दिखाते हो बाकी को। ऐसा क्यों सर जी?” संजय बांगर नाम के यूजर ने सुशांत सिन्हा के ट्वीट पर प्रश्न करते हुए लिखा, “लेकिन भाजपा देगी सुरक्षा, ऐसी गारंटी कहां है।”

धर्मेंद्र नाम के यूजर ने लिखा, “सपा, बसपा, भाजपा में मूर्खों की कमी नहीं। लेकिन टेनी पर आपका मुंह बंद है। घटना के समय में आप खुलकर हत्यारों का साथ भी दे रहे थे।” ईश्वर वर्मा नाम के यूजर ने लिखा, “सपा वाले तो कहते हैं कि ‘लड़के हैं गलती हो जाती है।’ इधर भाजपा वाले किसी को गलती करने का मौका नहीं देते, खुद गलती पर गलती करते हैं। यूपी की लड़कियों को भाजपा वाली सुरक्षा चाहिए।”