सनी देओल (Sunny Deol) की फिल्म ‘गदर 2’ (Gadar 2) ने रविवार को तीसरे दिन 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म ने महज तीन दिनों के भीतर ही 100 करोड़ के क्लब में एंट्री मार ली है। इसकी बंपर सफलता से ना केवल मेकर्स और इसकी स्टारकास्ट ही नहीं बल्कि सनी पाजी के पिता धर्मेंद्र भी बेहद खुश हैं। उन्होंने इसके लिए दर्शकों को धन्यवाद भी कहा है। मूवी ने पहले दिन ही बंपर ओपनिंग की थी। पहले दिन शुक्रवार को इसने 40.10 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके शो पहले वीकेंड के खत्म होने के बाद भी हाउसफुल हो रहे हैं।

सनी देओल की फिल्म की सफलता पर धर्मेंद्र ने रिएक्शन दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर गुलदस्तों के साथ एक तस्वीर साझा की है। सोशल मीडिया पर सामने आई फोटो में धर्मेंद्र को ग्रीन कलर के टी-शर्ट में देखा जा सकता है और उन्हें सिर पर कैप लगाई हुई है। इसे शेयर करने के साथ ही उन्होंने लिखा, ‘फ्रैंड्स गदर 2 को आपका प्यार देने के लिए शुक्रिया। आपके प्यार और शुभकामनाओं ने इसे ब्लॉकबस्टर बना दिया है।’ उनकी पोस्ट महज कुछ ही घंटे में करीब एक लाख लाइक्स मिल चुके हैं। लोग इस पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं। फैंस उन्हें खूब शुभकामनाएं दे रहे हैं और बधाई दे रहे हैं।

200 करोड़ का आंकड़ा छू लेगी फिल्म!

आपको बता दें कि ‘गदर 2’ के कलेक्शन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म चौथे दिन के कलेक्शन के बाद 200 करोड़ के कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लेगी। ऐसे में अब सबकी नजर सोमवार के कलेक्शन पर है। गौरतलब है कि इसे साल 2001 में रिलीज किया गया था, जिसका ये अब रिलीज किया गया दूसरा सीक्वल है। 22 साल बाद सकीना और तारा सिंह की जोड़ी पर्दे पर नजर आई है। दोनों ही किस्तों का निर्माण अनिल शर्मा ने किया है।