कॉमेडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर की हार्ट सर्जरी के बाद उन्हें आज अस्पताल से डिसचार्ज कर दिया गया है। 44 साल के सुनील ग्रोवर को सीने में दर्द की शिकायत के बाद मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के डॉक्टर ने ई-टाइम्स से बातचीत में बताया कि सुनील ग्रोवर को हार्ट अटैक आया था। अस्पताल में भर्ती होते वक्त उन्हें कोरोना संक्रमण भी था।
डॉक्टर ने बताया कि सुनील ग्रोवर को सीने में दर्द हुआ था, उन्हें अस्पताल जाने की सलाह दी गई थी। खून की जांच और ईसीजी के बाद पता चला कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उनकी ब्लड वेसेल्स में ब्लॉकेज थी। जिसके बाद उन्हें तुरंत दवा देकर उनकी हालत में सुधार लाया गया।
कोरोना के बारे में बात करते हुए डॉक्टर ने कहा कि सुनील में कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। उन्हें बुखार या खांसी जैसी कोई परेशानी नहीं थी। सर्जरी के साथ-साथ उन्हें कोरोना का इलाज भी दिया गया। डॉक्टर ने बताया कि अब उनकी तबीयत ठीक है और इसलिए उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है।
बता दें कि सुनील ग्रोवर की सर्जरी को लेकर वायरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट शेयर किया था। जिसमें सुनील ग्रोवर की फोटो के साथ कैप्शन लिखा था, ‘अभिनेता सुनील ग्रोवर ने मुंबई के एशियाई हॉस्पिटल में हार्ट की सर्जरी कराई है। वो अब स्वस्थ हो रहे हैं। सुनील के डॉक्टरों का कहना है कि अब वो खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत में भी पहले से काफी सुधार है। सुनील के लिए आप प्रार्थना करते रहें’।
सुनील ग्रोवर ने ‘द कपिल शर्मा शो’ में ‘गुत्थी’ और ‘डॉ मशहूर गुलाटी’ की भूमिका निभाकर लोगों के दिल में अलग जगह बनाई है। उनकी फैन फोलोइंग काफी ज्यादा है। उनकी सर्जरी की खबर सुनकर फैंस ने उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इसके साथ ही वायरल भयानी की पोस्ट पर उनकी तबीयत को लेकर सवाल पूछ रहे हैं।
सुनील ग्रोवर कॉमेडियन के साथ-साथ एक अच्छे एक्टर भी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जसपाल भट्टी के साथ की थी। इसके साथ ही उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों के साथ-साथ पंजाबी फिल्मों में भी काम किया है।
