अथिया शेट्टी और केएल राहुल ने 23 जनवरी, 2023 को शादी की थी। इनकी शादी को एक साल का वक्त हो गया है और कपल के पेरेंट्स बनने की खबर जोरों पर है। इसकी वजह है सुनील शेट्टी का रिएक्शन। दरअसल, एक्टर इन दिनों रिएलिटी शो ‘डांस दीवाने’ का सीजन 4 जज कर रहे हैं। इस बीच उन्हें नाना बनने को लेकर बात करते हुए देखा गया है। उन्होंने कहा कि अगले सीजन में जब वो आएंगे तो शो के स्टेज पर नाना के तौर पर चलते हुए नजर आएंगे। चलिए बताते हैं सुनील शेट्टी ने और क्या कुछ कहा है।

सुनील शेट्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। उनका ये वीडियो ‘डांस दीवाने’ के सेट का है। प्रोमो में शो की होस्ट भारती सिंह को सुनील शेट्टी से मजाक मस्ती करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान कॉमेडियन कहती हैं, ‘सुनील सर आपकी बेटी के बच्चे होंगे, फिर आप नाना बन जाओगे।’ इसके जवाब में सुनील कहते हैं, ‘हां अगले सीजन में जब मैं आउंगा तो मैं नाना की तरह स्टेज पर चल रहा होउंगा।’

इतना ही नहीं भारती सिंह फिर से उनसे मजाक-मजाक में कहती हैं, ‘फिर नाना बनने के बाद आपको थोड़ा झुक के चलना पड़ेगा। अपने एक-दो दांत भी गिराने होंगे। इतने हैंडसम नाना कैसे हो सकते हैं आप।’ उनकी बातें सुनकर वहां बैठीं माधुरी दीक्षित और सभी लोग जोर-जोर से हंसने लगते हैं। अब सुनील का ये स्टेटमेंट सोशल मीडिया पर लाइमलाइट बटोर रहा है। फैंस उनके इस बयान के बाद कयास लगाने लगे हैं कि अथिया शेट्टी और केएल राहुल जल्द ही पेरेंट्स बनने वाले हैं। फिलहाल, अभी इस पर कपल की ओर से ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार है।

बहरहाल, इसके अलावा अगर अथिया के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो शादी के बाद से स्क्रीन से दूर हैं। शादी से पहले एक्ट्रेस ने 2015 में ‘हीरो’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने साल 2017 में ‘मुबारकां’ में काम किया था। अथिया को आखिरी बार 2019 में ‘मोतीचूर चकनाचूर’ में देखा गया था। पर्दे पर अपना सिक्का ना जमा पाने के बाद एक्ट्रेस ने भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल से शादी कर ली थी। दोनों शादी से पहले तीन साल तक रिलेशनशिप में रहे थे।