Suniel Shetty:बॉलीवुड सितारों को अकसर चैरिटी करते देखा जाता है। लेकिन लाइमलाइट से दूर रहने वाले सुनील शेट्टी ने सालों पहले ऐसा नेक काम किया, जिसकी आजतक किसी को भनक तक नहीं लगी। सामने आया है कि सुनील शेट्टी ने कई सालों पहले नेपाल की 128 सेक्स वर्कर महिलाओं को बचाया था। आज वह महिलाएं अपने जीवन को आम लोगों की तरह जी रही हैं।
कमाठीपुरा के दलदल से निकाली थीं लड़कियां
जानकारी के मुताबिक साल 1996 में मुंबई के पास कमाठीपुरा से 450 महिलाओं को प्रोस्टीट्यूशन से निकाला गया था। बता दें कि ये वही कमाठीपुरा है, जिसे आलिया भट्ट की फिल्म ‘गंगुबाई काठियावाड़ी’ में दिखाया गया है। ये इलाका जिस्मफरोशी के धंधे के लिए मशहूर है। कमाठीपुरा के इस दलदल से निकाली गईं 450 सेक्स वर्कर्स में से 128 लड़कियां नेपाल से थीं। जिन्हें सरकार ने अपनाने से मना कर दिया था।
उस वक्त सुनील शेट्टी उन मजबूर लड़कियों की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने न केवल उन सेक्स वर्कर्स को टिकट करवाकर नेपाल वापस भेजा, बल्कि ये भी सुनिश्चित किया कि वह सकुशल अपने घर पहुंचे।
बता दें कि उस वक्त सुनील शेट्टी ने इस बात को गुप्त रखना सही समझा। उन्होंने इंटरव्यू में इसका श्रेय लेने से भी इनकार कर दिया था। उनका मानना था कि उन लड़कियों का रेस्क्यू करने में कई लोगों की मेहनत लगी है। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि इस मुद्दे को लेकर फिल्म बनाई जा सकती है।
सोनू सूद भी कर चुके हैं मजबूर लोगों की मदद
सभी को याद होगा कि बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने मुश्किल की घड़ी में ऐसा काम किया था जिसके लिए लोग उन्हें गरीबों का मसीहा कहने लगे। कोविड महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन में शहरों में फंसे प्रवासी मजदूरों की मदद कर सोनू सबके दिलों पर छा गए। उन्होंने अपने पैसों से हजारों लोगों को उनके घर पहुंचाया।
इसके बाद से ट्विटर पर तमाम लोग सोनू सूद से अपनी परेशानी बताकर उनकी मदद की अपील करते हैं। जिन्हें सोनू सूद पूरा करने की कोशिश जरूर करते हैं।