बॉलीवुड के अन्ना सुनील शेट्टी इस वक्त सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं। जिसके बाद उन्होंने माफी मांगी है। ये माफी उन्होंने किसानों से मांगी क्योंकि उन्होंने टमाटर के बढ़ते दाम को लेकर कुछ ऐसा बयान दिया था, जिससे देश के किसान खासा नाराज हो गए हैं। लगातार ट्रोलिंग का सामना करने के बाद सुनील शेट्टी ने अपनी सफाई पेश की है।

दरअसल एक न्यूज पोर्टल को इंटरव्यू देते वक्त सुनील शेट्टी ने टमाटर के बढ़ते दाम पर बात करते हुए कहा था कि इसका असर उनके घर की रसोई पर भी पड़ रहा है। अन्ना ने कहा था कि उन्होंने टमाटर खाना कम कर दिया है। इसी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और किसानों ने एक्टर की कड़ी निंदा की। इतना ही नहीं, खबरों की मानें तो सामाजिक कार्यकर्ता और किसान संतोष मुंडे ने एक्टर की न केवल आलोचना की बल्कि उन्हें टमाटर भी भेजे।

सुनील शेट्टी ने मांगी माफी

सुनील शेट्टी ने अपनी सफाई पेश करते हुए किसानों से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि किसानों को सपोर्ट करते हैं, उनके बारे में नेगेटिव सोच रखने की सोच भी नहीं सकते। एक्टर ने कहा कि वह हमेशा किसानों के हित में काम करते हैं और चाहते हैं कि देसी उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए। एक्टर ने कहा, “किसान मेरे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। एक होटल बिजनेसमैन के रूप में, उनके साथ मेरा संबंध हमेशा प्रत्यक्ष रहा है। यदि मेरे किसी भी बयान से, जो मैंने कहा भी नहीं है, उन्हें ठेस पहुंची है, तो मैं वास्तव में माफी मांगता हूं। मैं उनके खिलाफ बोलने का सपने में भी नहीं सोच सकता। कृपया मेरे बयान को गलत तरीके से पेश न करें।”

क्या बोले थे सुनील शेट्टी?

सुनील शेट्टी ने कहा था कि उनकी पत्नी माना एक-दो दिनों की सब्जियां ही खरीदकर लाती हैं। वह फ्रेश सब्जियां खाने में यकीन रखते हैं। इन दिनों टमाटर का दाम इतना बढ़ गया है, जिसका असर उनके जैसे लोगों की किचन पर भी पड़ता है। एक्टर ने कहा था कि वह लोकल वेंडर से ही सब्जियां लेना पसंद करते हैं। उन्होंने बताया था कि उनके फोन में एक ऐसी ऐप है, जिससे वह बेहद सस्ते दामों पर सब्जियां ऑर्डर करते हैं।